क्षेत्रीय
15-Feb-2026
...


पत्नी को लेने गया था ससुराल, परिजनों ने जताया हत्या का संदेह जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव मंडला जिले के टिकरिया क्षेत्र के जंगल में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम घाना तिलवारा क्षेत्र में रहने वाले सुमित कुशवाहा (30) की शादी मंडला के टिकरिया निवासी युवती से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी जमुना पटेल करीब एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी। बताया गया है कि पत्नी से मिलने के लिए सुमित मंडला गया था। जानकारी के मुताबिक सुमित 11 फरवरी को पत्नी को लेकर जबलपुर लौटने के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों को चिंता हुई और भाई अमित कुशवाहा मंडला पहुंचा। उसने टिकरिया थाने में सुमित के लापता होने की सूचना दी। इधर परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे। इसी दौरान टिकरिया के जंगल में ग्रामीणों ने एक शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद परिजनों को बुलाकर शिनाख्त कराई, जहां शव की पहचान सुमित कुशवाहा के रूप में हुई। पत्नी पर हत्या का आरोप .. मृतक के भाई अमित कुशवाहा ने सुमित की पत्नी पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि पत्नी लंबे समय से मायके में रह रही थी और वहीं उसका किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने की बात सामने आई थी। आरोप है कि पत्नी ने कथित प्रेमी के साथ मिलकर सुमित की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।