- राज्यभर के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, विशेष पूजन-अर्चना और कड़े सुरक्षा प्रबंध अहमदाबाद (ईएमएस)| महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अहमदाबाद सहित पूरे गुजरात में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। देवों के देव महादेव की आराधना के इस विशेष दिन पर राज्य के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। मंदिर परिसरों में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठा। अहमदाबाद के प्राचीन और प्रसिद्ध शिव मंदिरों में तड़के से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बिल्वपत्र अर्पित कर भगवान शिव की आराधना करते नजर आए। शहर के मंदिरों में विशेष श्रृंगार और आकर्षक सजावट की गई, जिससे भक्तों में उत्साह और बढ़ गया। गुजरात के अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों में भी आस्था का सैलाब देखने को मिला। सौराष्ट्र स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ में विशेष रुद्राभिषेक और महाआरती का आयोजन किया गया। वहीं, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग में भी महाशिवरात्रि पर विशेष पूजा-अर्चना हुई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वडोदरा, राजकोट, सूरत और भावनगर सहित राज्य के अन्य शहरों के शिवालयों में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ देखी गई। कई स्थानों पर रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जा रही है। कई प्रमुख मंदिरों में लाइव प्रसारण की व्यवस्था भी की गई है, ताकि जो श्रद्धालु मंदिर तक नहीं पहुंच सके, वे घर बैठे दर्शन का लाभ उठा सकें। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरा गुजरात शिवभक्ति में लीन नजर आया। भक्तों की अटूट आस्था और उत्साह ने राज्य के वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया है। देर रात तक मंदिरों में पूजा-अर्चना और भक्ति का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। सतीश/15 फरवरी