शिवपुरी ( ईएमएस) जिले के करेरा में वकील संजय कुमार सक्सेना (57) की गोली मारकर हत्या करने वाले 3 शूटर को पुलिस ने अरेस्ट किया है। गिरफ्तारी के दौरान सुबह-सुबह एक शूटर से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। शूटर ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शूटर के पैर में 2 गोलियां लगी। शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पुलिस ने शूटर पपेंद्र रावत को गिरफ्तार किया। घटना करैरा थाना क्षेत्र के चिरली तिराहा के पास की है। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बड़ौनी के घुघसी निवासी गोलू रावत (25), डबरा के चांदपुर निवासी पपेंद्र रावत (23) और बड़ौनी के घुघसी निवासी जहीर मुसलमान (24) शामिल हैं। आरोपी गोली रावत ने शनिवार को कट्टे से पीठ पर गोली मारी थी। एक गोली लगने से वकील की जान गई थी। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थी। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। रविवार सुबह चिरली तिराहा के पास आरोपियों के छिपे होने की सूचना पुलिस को मिली | इस दौरान पुलिस टीम वहां पहुंची, तो आरोपी पपेंद्र रावत ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पपेंद्र के पैर में 2 गोलियां लगीं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। शिवपुरी SP ने बताया कि हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार शाम को ही शिक्षक कमलेश शर्मा, उनके सरपंच चाचा सुनील शर्मा, नीरज शर्मा और उनके साथी आशीष परिहार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था।|