- आदिवासी नृत्य और नयनाभिराम झांकियों ने मोहा हजारों श्रद्धालुओं का मन :: इंदौर (ईएमएस)। मालवा की पावन धरा पर हर-हर महादेव के गूँजते जयघोष और भक्ति के असीम उल्लास के साथ रविवार को बाणगंगा क्षेत्र पूरी तरह शिवमय हो गया। संस्था नमो नवगृह (शनि) एवं सत्यमेव जयते के तत्वावधान में बाणेश्वर कुंड पर आयोजित तीन दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव का समापन एक ऐतिहासिक और भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। आस्था के इस अनूठे संगम में श्रद्धालुओं का ऐसा सैलाब उमड़ा कि समूचे मार्ग पर तिल धरने की जगह नहीं बची। शोभायात्रा का आगाज़ सुबह 11:30 बजे बाणेश्वर कुंड पर पूर्ण विधि-विधान, मंत्रोच्चार और अभिषेक के साथ हुआ। यात्रा में शामिल आदिवासी नृत्य मंडलियों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने जहाँ लोक संस्कृति की छटा बिखेरी, वहीं देवलोक का अहसास कराती नयनाभिराम झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। बैंड-बाजे, बग्घियों और मधुर भजनों के साथ निकले इस कारवां का मार्ग में 100 से अधिक मंचों द्वारा पुष्प वर्षा और ठंडाई वितरण कर आत्मीय अभिनंदन किया गया। :: दो दशकों की परंपरा :: संस्था के संरक्षक के.के. यादव एवं संयोजक पार्षद शिवम यादव ने बताया कि आयोजन का यह 22वाँ गौरवशाली वर्ष है। उत्सव की शुरुआत 13 फरवरी से ही भगवान शिव-पार्वती के विवाह की रस्मों - हल्दी, मेहंदी, कुमकुम और भक्ति संगीत के साथ हो गई थी। बाणेश्वर कुंड पर आयोजित रात्रि जागरण और भजनों ने क्षेत्र की 150 से अधिक कॉलोनियों के रहवासियों को भक्ति के एक सूत्र में पिरो दिया। :: मातृशक्ति का सैलाब :: शोभायात्रा का सबसे मनोहारी दृश्य हज़ारों की संख्या में चल रही मातृशक्ति का था, जो सिर पर पांच पवित्र नदियों का जल कलश धारण कर चल रही थीं। महिला संयोजक मंजू यादव एवं तारा यादव के अनुसार, भक्तों की सुविधा के लिए 5,000 वर्गफीट के विशाल क्षेत्र में व्यापक प्रबंध किए गए थे। भक्ति के इस मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए 100 क्विंटल फलाहारी प्रसादी का वितरण भी निरंतर चलता रहा। :: सियासत और अध्यात्म का संगम :: महादेव के इस दरबार में शहर की प्रबुद्ध हस्तियों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हाजिरी लगाई। शोभायात्रा में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी और पूज्य दादू महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ। इनके साथ ही विधायक गोलू शुक्ला, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, संजय शुक्ला, जयपाल सिंह चावड़ा, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, पंडित कृपाशंकर शुक्ला, सुरेश मिंडा, सदाशिव यादव, विनय बाकलीवाल, राजेश चौकसे, रमेश उस्ताद यादव सहित खेल, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के अनेक गणमान्य जन इस शिव भक्ति में सम्मिलित हुए। प्रकाश/15 फरवरी 2026