- मंत्री सिलावट ने किया शुभारंभ - सपरिवार पूजन कर मंत्री ने बांटी फलाहारी खिचड़ी; सांसद और विधायक सहित कई दिग्गज रहे मौजूद :: इंदौर (ईएमएस)। देवगुराडिया स्थित ऐतिहासिक गुटकेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर तीन दिवसीय पारंपरिक मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने दीप प्रज्वलित कर मेले की शुरुआत की। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा और जनपद पंचायत अध्यक्ष विश्वजीतसिंह सिसौदिया सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मंत्री सिलावट ने अपनी पत्नी सुनीता सिलावट और पुत्र बंकिम सिलावट के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। पूजन के उपरांत उन्होंने स्वयं श्रद्धालुओं को फलाहारी खिचड़ी की प्रसादी वितरित की। मेले के सफल संचालन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला पंचायत सदस्य रामेश्वर चौहान, रामस्वरूप गेहलोत और मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियंका टैगौर सहित प्रशासनिक अमला सक्रिय रहा। महाशिवरात्रि पर शुरू हुए इस मेले में इंदौर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। प्रकाश/15 फरवरी 2026