देहरादून से जबलपुर पहुंची खेप दमोह जाने के पहले ट्रांस्पोर्ट में पकड़ाई जबलपुर (ईएमएस)। माढोताल पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कटंगी रोड स्थित एक ट्रांस्पोर्ट में छापा मारकर प्रतिबंधित नशीली कफ सीरप की बड़ी खेप बरामद की है. यह नशीला कफ सीरप देहरादून से बुक की गई थी और दमोह के जबेरा जानी थी. पुलिस ने करीब 40 पेटी कफ सीरप बरामद की है जिसमें 4800 बाटल थी, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख 64 हजार रुपये है. पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट और एमपी ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। माढोताल पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार नशीले सिरप की यह खेप 5 फरवरी 2026 को देहरादून (उत्तराखंड) की मैक्लाक्योर फार्मासिस्ट कंपनी से बुक की गई थी जिसे दमोह जिले के जबेरा स्थित मैसर्स सचिन मेडिकोज के नाम पर भेजा गया था। वीआरएल ट्रांसपोर्ट के कैशियर सुमित यादव से पूछताछ में पता चला कि इसकी डिलीवरी 16 फरवरी को ली जानी थी, लेकिन इसके पहले ही मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ट्रांस्पोर्ट गोदाम में छापा मारकर नशीला सीरप जप्त कर लिया। बताया जा रहा है की इस कफ सीरप में कोडीन मिश्रित था जो अत्यंत मादक पदार्थ है, जिसका नशे में इस्तेमाल किया जाता है. होली त्योहार के दौरान इसका दुरुपयोग किये जाने की आशंका थी. पुलिस ने 100 - 100 एमएल की प्रत्येक कार्टून 120 बोतलें पाई गईं. जिनमें कोडीन फॉस्फेट की मात्रा होने के कारण इनका नशे के रूप में दुरुपयोग किया जाना था। ड्रग इंस्पेक्टर देवेंद्र जैन की उपस्थिति में दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने इस मामले में सुमित यादव, मेसर्स सचिन मेडिकोज ग्राम गुबरा थाना जबेरा जिला दमोह, हिमांशु झा, मैसर्स मैक्काक्योर फार्माशिस्ट देहरादून उत्तराखण्ड के विरूद्ध धारा 8 बी, 21, 22 नारकेाटिक ड्रग्स एण्ड साईक्रोट्रोपिक सब्सटानसिस एक्ट तथा 5/13 म.प्र. ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत कार्यवाही की है। सुनील साहू / शहबाज/ 15 फरवरी 2026/ 06.00