श्रीनगर गढ़वाल (ईएमएस)। श्रीनगर गढ़वाल के श्रीकोट स्थित श्रीकोट विद्या मंदिर में रविवार को भव्य विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक जागरूकता, संगठन और सकारात्मक सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम मे लोकगायक सौरभ मैठानी व महिमा उनियाल के गीतों पर लोग जमकर थिरके। कार्यक्रम का शुभारंभ महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित महिलाओं ने अतिथियों का स्वागत किया, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बन गया। उसके बाद भारत माता की प्रतिमा और पुलवामा अटैक में शहीदों को नमन कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। सम्मेलन को संबोधित करते हुए संजय (प्रांत प्रचार प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) ने हिंदू संस्कृति की वैश्विक प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए समाज को संगठित एवं जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। केंद्रीय विश्वविद्यालय की हिंदी विभागाध्यक्ष गुड्डी बिष्ट ने समाज निर्माण में महिला शक्ति की भूमिका पर विस्तृत उद्बोधन देते हुए कहा कि संस्कार, शिक्षा और संगठन में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सशक्त नारी ही सशक्त समाज का आधार है। धर्माचार्य मधुसूदन घिल्डियाल ने धर्म, सेवा और सदाचार को जीवन का मूल मंत्र बताते हुए युवाओं से भारतीय संस्कृति को आत्मसात करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के संयोजक लखपत भंडारी ने अपने संबोधन में सामाजिक एकता, स्वदेशी भाव और आपसी सहयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी के प्रति द्वेष नहीं, बल्कि अपने समाज को संगठित, संस्कारित और आत्मनिर्भर बनाना है। हमें प्रेम, सेवा और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। जब समाज एकजुट रहता है तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। श्रीनगर में लगातार हो रही लव जिहाद की घटनाओं की भी घोर निंदा की और सभी से अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने को कहा। सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 से अधिक लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें पूर्व प्रधान श्रीकोट राजेश्वरी रावत, पंचमुखी हनुमान मंदिर निर्माण से जुड़े राजेंद्र नेगी, सुषमा नेगी, अनिता देवी, वंदना सेमवाल, कमलेश वशिष्ठ (जो प्रतिदिन शिवालय में निस्वार्थ भाव से साफ-सफाई एवं सेवा कार्य करते हैं), आदि लोगों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में नगर निगम की मेयर आरती भंडारीयशीष रावत युवा मोर्चा अध्यक्ष श्रीनगर मंडल तरुण रौथान प्रखंड बजरंग दल अध्यक्ष अर्जुन गुसाईं श्रीनगर प्रखंड बजरंग दल अध्यक्ष अमन पंत, संघ से मोहित, जिला प्रचारक नरेश, पार्षद गुड्डी गैरोला, पार्षद रमेश रमोला, राजेंद्र नेगी, विजय चमोली सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, सांस्कृतिक समर्पण और सामाजिक सहभागिता की झलक देखने को मिली। सम्मेलन ने समाज में एकता, सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/15 फरवरी 2026