कृषि महाविद्यालय मुरझड़ में कार्यशाला का हुआ आयोजन बालाघाट (ईएमएस). राजा भोज कृषि महाविद्यालय मुरझड़़ में इंटरनेट सुरक्षा दिवस के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अधिष्ठाता डॉ घनश्याम देशमुख के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि संचालन महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक डॉ प्रतिभा बिसेन द्वारा किया गया। कार्यशाला में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के प्राध्यापकगण, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम में सेफ क्लिक की अवधारणा को विस्तार से समझाते हुए बताया गया कि फिशिंग लिंक, फर्जी ईमेल, ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया हैकिंग जैसी घटनाओं से सावधानी बरतकर कैसे बचा जा सकता है। वक्ताओं ने मजबूत पासवर्ड के उपयोग, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अपनाने, समय-समय पर पासवर्ड बदलने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की महत्वपूर्ण सलाह दी। अधिष्ठाता डॉ. घनश्याम देशमुख ने कहा कि वर्तमान समय में कृषि शिक्षा और अनुसंधान भी डिजिटल माध्यमों पर आधारित हो गए हैं, ऐसे में साइबर सुरक्षा का ज्ञान प्रत्येक शिक्षक, कर्मचारी और छात्र के लिए अनिवार्य है। उन्होंने सभी को डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारीपूर्वक एवं सुरक्षित उपयोग करने का संकल्प लेने का आव्हान किया। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों द्वारा उनका समाधान किया गया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। यह कार्यशाला न केवल इंटरनेट सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रही, बल्कि डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में महाविद्यालय का एक महत्वपूर्ण कदम भी सिद्ध हुई। भानेश साकुरे / 15 फरवरी 2026