हाथरस (ईएमएस)। दिव्यांगजन, श्रवण समाज, गरीब, आश्रित, विधवा एवं परित्यक्त महिलाओं के उत्थान को लेकर एक महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर खड्गेन्द्र पाल सिंह से रावत शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं संस्थापक डॉ. एम.एल. रावत के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने भेंट की और शिक्षा व समाज कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में समिति द्वारा संचालित मूक-बधिर, दृष्टिहीन एवं मानसिक दिव्यांग बच्चों के निःशुल्क आवासीय विद्यालय एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने संस्था की उपलब्धियों और आगामी परियोजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए समाज के वंचित वर्ग के पुनर्वास एवं आत्मनिर्भरता के प्रयासों पर प्रकाश डाला। खड्गेन्द्र पाल सिंह ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा समाज की प्रगति का मूल आधार है। उन्होंने सामाजिक उत्थान और पुनर्वास के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न जनपदों में उपलब्ध भूमि व संसाधनों के माध्यम से जरूरतमंदों को आश्रय उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा। शिष्टमंडल में डॉ. एम.एल. रावत के साथ विक्रांत रघुवंशी (प्रतिनिधि, बी.पी. मदनावत शिक्षण संस्थान) एवं गौरव कल्पक (प्रोजेक्ट डायरेक्टर, रावत शिक्षा समिति) शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने शिष्टाचार भेंट कर आभार व्यक्त किया। यह बैठक क्षेत्र में शिक्षा एवं समाज सेवा के क्षेत्र में नई सकारात्मक दिशा के रूप में देखी जा रही है। ईएमएस / 15/02/2026