क्षेत्रीय
15-Feb-2026
...


रायपुर,(ईएमएस)। रायपुर जिले के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्रांतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका स्थित मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालन करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1,80,000/- रुपये नगदी, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड एवं अन्य दस्तावेज बरामद जब्त किया है जिसकी कुल कीमत लगभग 2,55,000/- रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 65/26 के तहत पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने बताया की 14 फरवरी 2026 को थाना तिल्दा नेवरा पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका स्थित एक मकान में टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना को लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी को तत्काल तस्दीक कर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा उक्त स्थान पर रेड कार्यवाही की गई। रेड के दौरान एक व्यक्ति उपस्थित मिला, जिसने अपना नाम जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला बताया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में ऑनलाइन बेटिंग साइट्स 777 Grand Exchange एवं JMD Bet आईडी के माध्यम से क्रिकेट सट्टा खेलना/खिलाना पाया गया। मौके से नगदी रकम एवं सट्टा संचालन से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए। जिसकी कुल कीमत लगभग 2,55,000/- रुपये है। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला, पिता हुकम सिंह, उम्र 43 वर्ष, स्थायी पता माजरा, थाना अरबन, जिला रोहतक (हरियाणा), हाल पता हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, एलआईजी मकान नं. 45-बी, कोहका थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर के विरुद्ध थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 65/26 धारा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 8 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी से जप्त बैंक खातों की जांच की जा रही है। प्रकरण में संलिप्त अन्य आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/15 फरवरी 2026