हाथरस (ईएमएस)। ऐहन स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में हिन्दू सम्मेलन सेवा समिति के तत्वावधान में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सम्मेलन में विश्व कल्याण के लिए सनातन परम्परा के संवाहक बनकर हिन्दू समाज को संगठित होने का आह्वान किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हरिगढ़ विभाग के सह शारीरिक शिक्षण प्रमुख अमरवीर सिंह ने संघ के शताब्दी वर्ष की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा और समाज संगठन के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही भारत को पुनः विश्वगुरु के पद पर स्थापित कर सकता है। कथावाचक संत आचार्य गोपाल कृष्ण ने धर्म रक्षा और सामाजिक एकता पर जोर देते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया। मातृशक्ति के रूप में पवित्रा शर्मा विधा अलंकार ने संघ के पंच परिवर्तन को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। सम्मेलन को प्रहलाद सिंह सिसोदिया ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेंद्र शर्मा कबाड़ी बाबा ने की तथा संचालन कवि उपेंद्र झा ने किया। जसवीर सिंह सिसोदिया ने काव्य पाठ प्रस्तुत किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह परमार सहित शिवम, दिनेश भारद्वाज, एडीजीसी अशोक कुमार सिंह, रवि जोशी, दिनेश शर्मा, आशीष सेंगर और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। ईएमएस / 15/02/2026