क्षेत्रीय
16-Feb-2026


पूर्वी सिंहभूम(ईएमएस)। हावड़ा से टाटानगर तक अनियमित रेल परिचालन के विरोध में सोमवार को घाटशिला रेलवे स्टेशन परिसर में कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रखंड अध्यक्ष कन्हैया शर्मा के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। ट्रेनों के समय सुधार को एक महीने का समय दिया गया, ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गयी। धरना प्रदर्शन के बाद खड़गपुर डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक के नाम एक ज्ञापन घाटशिला के सभी प्रखंड अध्यक्षों ने स्टेशन प्रबंधक को सौंपा। इस मौके पर मुख्य अतिथि सह पूर्व राज्य सभा सदस्य डॉ प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा बड़े मांगों को लेकर आंदोलन करती रही है, लेकिन क्षेत्र के सांसद जो भाजपा के ताल्लूक रखते हैं के निष्क्रियता के कारण हम लोगों को अनियमित रेल परिचालन को लेकर आंदोलन करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों से हाकला से लेकर टाटा नगर तक कुछ ट्रेन जो पर्यटकों के साथ-साथ यहां की जनता को सीधी तरह प्रभावित करती है, उसी को तीन घंटा से लेकर छह-सात घंटे तक लेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत और दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन कभी लेट नहीं होती, लेकिन इस्पात और जनशताब्दी एक्सप्रेस, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों लोग घाटशिला आते हैं, वह कभी पांच घंटे तो कभी सात घंटे चलती है, साथ ही साथ लोकल ट्रेन जो हजारों मजदूरों को लेकर टाटा प्रतिदिन आना जाना करती है, वह भी लेट होती है। ट्रेन के अनियमित परिचालन से पर्यटन से जुड़े लोग सीधे प्रभावित हो रहे हैं, रेलवे को एक महीने का समय दिया जा रहा है, अगर एक महीने के अंदर अनियमित रेल परिचालन में सुधार नही होता है तो कांग्रेस आगे ठोस आंदोलन करेगी। घाटशिला के 50 से 60 प्रतिशत लोगों की आय पर्यटन पर ही निर्भर धरना प्रर्दशन को संबंधित करते हुए तापस चटर्जी ने कहा कि ट्रेन के अनियमित परिचालन के कारण घाटशिला आने से पर्यटक हिचक रहे है, जबकि घाटशिला के 50 से 60 प्रतिशत लोगों की आय पर्यटन पर ही निर्भर है, जब पर्यटक ही नहीं आयेंगे तो यहां के लोग कैसे जिविकोपार्जन कर सकेंगे। इसलिए रेलवे ट्रेन के परिचालन में सुधार लाये नहीं तो कांग्रेस रेल चक्का तक जाम करने को मजबूर हो जायेगी। धरना प्रदर्शन को मानस दास, लक्ष्मण चन्द्र बाग, शमसेर खान, शेख फारुख, संजय साह, प्रदीप भद्रो, सुब्रतो दत्ता, चंदना महाकुड़, नरेश महाकुड़, श्याम सोरेन, शेख भोलू आदि ने संबोधित किया। कर्मवीर सिंह/16फरवरी/26