क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


खरगोन (ईएमएस)। खरगोन के ज्योति नगर में विराजित भूतभावन भगवान ज्योतेश्वर महादेव के शुभ विवाह (महाशिवरात्रि) को भव्य स्वरुप में मनाया गया। यहां ज्योतेश्वर महादेव को दूल्हा स्वरुप में सजाकर भव्य शिव बारात निकाली गई। देर शाम निकली बारात भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आई। ढोल.-ताशे, मंजिरा, डमरू के बीच हर.हर महादेव, भोले शंभू भोलेनाथ के गगनभेदी जयकारों से माहौल धर्ममय बना रहा। आयोजन समिति के इंजीनियर नितिन मालवीय ने बताया महाशिवरात्रि उत्सवी माहौल में मनाई गई। यहां विराजित भोलेनाथ को हल्दी-मेहंदी रस्म निभाने के बाद दूल्हा स्वरुप में सजाया गया। रात 9 बजे शिव बारात निकाली गई, इसमें भोलेनाथ के स्वरुप में सजे कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। शिव बारात में गौर बिहाने चले महादेव, कसो छै दुल्लव न कसी छै बारात जैस भजनों पर भक्त झूमते हुए चल रहे थे। प्रचार प्रमुख दिलीप सोनी ने बताया बाबा की बारात मंदिर परिसर में निकाली गई। इसके बाद बाबा की प्रिय प्रसादी ठंडाई के साथ ही साबुदाना खिचडी, शकरकंद का हलवा सहित मिठाई एवं फलों की महाप्रसादी भक्तों में वितरित की गई। रात्रि जागरण के चलते भजन-कीर्तन का दौर देर रात तक चलता रहा। जिसके चलते मंदिर परिसर में भक्ति की बयार बही। शिव बारात की विशेषता रही कि इसमें अर्धनारीश्वर माने जाने वाले किन्नर भक्त भी शामिल हुए। बाबा की भव्य बारात के मनमोहक दृश्य को कई लोग अपने मोबाइल कैमरे में कैद करते हुए नजर आए। ईएमएस/मोहने/ 16 फरवरी 2026