रांची(ईएमएस)।लापुंग प्रखंड के बाबा बनखंडी धाम में आयोजित महाशिवरात्रि महोत्सव में सोमवार को राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई इस मौके पर उन्होंने पारंपरिक तरीके से पूजा अर्चना भी की और राज्य की तरक्की, समाज में खुशहाली और समृद्धि की कामना की।महोत्सव को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि प्रकृति की गोद में बसा ये आस्था और विश्वास का केंद्र लोगों को अपनी ओर हमेशा से आकर्षित करता रहा है।कहते है ना जब बाबा भोलेनाथ का बुलावा आ जाए तो उनके दरबार में जाना ही पड़ता है।आज सभी श्रद्धालु बाबा के चरणों में शीश झुकाने के लिए पहुंचे है।उन्होंने कहा कि जंगल पहाड़ और सीढ़ियों से होते हुए ये सफर लंबा जरूर है पर बाबा भोलेनाथ की कृपा से कभी थकान का अहसास नहीं होता। लोगों की अपार आस्था के इस स्थल को सरकार की मदद से पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा सकता है।भविष्य में आस्था के इस स्थल की पहचान लापुंग या गुमला तक सीमित रहने के बजाय राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकती है। लेकिन ये तभी संभव होगा जब ग्राम सभा की सहमति होगी।मंत्री ने कहा कि राज्य में पेसा नियमावली लागू होने के साथ पारंपरिक ग्राम सभा की सहमति के बगैर योजना का चयन मुमकिन नहीं है।राज्य में सीएनटी एसपीटी एक्ट लागू होने के बावजूद आदिवासियों की जमीन अवैध तरीके से ली जा रही है।समाज को कानून के तहत मिलने वाले अधिकार को समझना होगा।हम कानून और संविधान में मिलने वाले अधिकार की बदौलत जल जंगल और जमीन का संरक्षण कर सकते है। कृषि मंत्री ने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि समाज को राजनीतिक चक्रव्यू से बचाना होगा।ताकि हमारे और आपके बच्चे अच्छी शिक्षा ले सकें, युवा पीढ़ी भटकाव के रास्ते से बाहर निकल सकें,समाज में एकता और भाईचारगी हो और हमारा गांव समाज का विकास हो सके।बाबा भोलेनाथ के आशीर्वाद से समाज में सुख समृद्धि, शांति और खुशहाली बनी रहे। यही कामना करती हूं।इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष जयंत बारला सुदामा महली,विरंची महतो, विश्वनाथ मुंडा,योगेंद्र मुंडा,दीपक करकेटा, सरोज मुंडा,सोमरा मुंडा,अजय कुमार, प्रदीप महतो, राजकिशोर मुंडा, प्रहलाद महतो सहित अन्य उपस्थित थे। कर्मवीर सिंह/16फरवरी/26