क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


संजीवनी क्लीनिक, आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित हुआ शिविर बालाघाट (ईएमएस). कलेक्टर मृणाल मीना और जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग दीपमाला मंगोदिया के मार्गदर्शन में परियोजना अधिकारी बालाघाट नवीन शैलेंद्र चौकसे के निर्देशन में अति गंभीर कुपोषित, मध्यम गंभीर कुपोषित एवं अति कम वजन श्रेणी के बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर संजीवनी क्लीनिक गायखुरी, सरेखा और आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 13, 37 में आयोजित किया गया। शिविर के दौरान कुपोषित बच्चों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई। आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण किया गया। बच्चों को एमोक्सीसिलिन, आयरन सिरप, मल्टीविटामिन एवं एल्बेंडाजोल जैसी आवश्यक औषधियां प्रदान की गईं। स्वास्थ्य जांच शिविर का उद्देश्य कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाना, समय पर उपचार सुनिश्चित करना एवं कुपोषण की समस्या को प्रभावी रूप से नियंत्रित करना रहा। स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से बच्चों के समग्र स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर को बेहतर बनाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। भानेश साकुरे / 16 फरवरी 2026