बालाघाट (ईएमएस). कलेक्टर मृणाल मीना की अध्यक्षता में 16 फरवरी को जिले के सभी विकासखंड के बीईओ और बीआरसी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान, सर्व शिक्षा अभियान के कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में ई-अटेंडेंस, छात्रवृत्ति वितरण, विद्यार्थियों के नामांकन, ड्रापआउट पुस्तक वितरण, मेंटर विजिट एवं एक ही परिसर में संचालित प्राथमिक शाला व आंगनबाडी की समीक्षा की गई। कलेक्टर मीना ने बैठक में निर्देशित किया कि शिक्षकों की हमारे शिक्षक एप्प पर ई-अटेंडेंस अनिवार्य रूप से लगायी जाए और इसमें कमीं नही आना चाहिए। ई-अटेंडेंस नहीं लगाने वाले शिक्षकों का वेतन काटने के निर्देश दिये गए। छात्रवृत्ति स्वीकृति एवं वितरण की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि कोई भी छात्र छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित नही रहना चाहिए। छात्रवृत्ति के लिए ओटीआर एवं प्रोफाईल अपडेशन का कार्य पूर्ण नहीं करने वाले प्राचार्यों के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये गए। समीक्षा में पाया गया कि विकासखंड बालाघाट, बैहर, बिरसा एवं खैरलांजी में प्रोफाईल अपडेशन का कार्य संतोषजनक नहीं है। इस पर इन विकासखंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों को 17 फरवरी तक यह कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिये गए और कहा गया कि जिन अशासकीय शालाओं द्वारा इसमें सहयोग नहीं दिया जा रहा है उनके विरूद्ध कार्यवाही करें। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिले के 259 हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल भवनों में मरम्म्त, सुधार एवं अतिरिक्त कक्ष निर्माण के कराये गए कार्यों की यू-डाइस पोर्टल पर शीघ्रता से एंट्री करने के निर्देश दिये गए। स्कूल भवनों के अनुरक्षण के लिए जिन शालाओं में प्राचार्यों द्वारा कार्य कराया गया है, उसकी सूची राशि सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गए। इसके साथ ही शाला भवनों के अनुरक्षण के लिए मिली राशि किस-किस मद में खर्च की गई है इसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने कहा गया। इस दौरान बताया गया कि जिले के नवेगांव एवं कोथुरना स्कूल में बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण की जनवरी 2026 में स्वीकृति प्राप्त हुई है। इन शालाओं में बालिका शौचालय का कार्य शाला प्रबंधन समिति द्वारा प्रारंभ कर दिया गया है और मार्च के प्रथम सप्ताह में यह कार्य पूर्ण हो जाएगा। सर्व शिक्षा अभियान के कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर मीना ने नवीन सत्र में प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं मे छात्र छात्राओं के नामांकन मे वृद्धि करने एवं ड्रापआउट में कमी लाने के निर्देश दिये और कहा कि इसकी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से एंट्री की जाए और बालाघाट जिले की प्रदेश में अच्छी स्थिति होना चाहिए। पाठ्य पुस्तक वितरण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में पाठ्यपुस्तक वितरण की पोर्टल पर शत प्रतिशत एंट्री की जा चुकी है। बैठक में प्राथमिक शाला एवं उसके करीब में संचालित आंगनवाडी केंद्रो की पोर्टल पर शीघ्रता से एंट्री करने के निर्देश दिये गए। समीक्षा के दौरान सर्व शिक्षा अभियान के दोनों सहायक परियोजना समन्वयक का कार्य संतोषजनक नही पाए जाने पर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिये गए। भानेश साकुरे / 16 फरवरी 2026