टीएल की बैठक में कलेक्टर ने कहा,उद्यानिकी विभाग के कामों पर भी जताई नाराजगी छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालयके सभाकक्ष में समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। इसमें विभिन्न विभागों की समीक्षा उन्होंने की। बैठक में कलेक्टर ने कुछ दुकानदारों द्वारा एमआरपी से अधिक मूल्य पर सामान बेचने की शिकायत पर सहायक नियंत्रक, नापतौल विभाग को निर्देश दिए कि नियमित निरीक्षण अभियान चलाकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उद्यानिकी विभाग की ऋण योजनाओं में प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर वे खासे नाराज हुए। उद्यानिकी विभाग के अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की समीक्षा मेे कलेक्टर ने कहा कि राज्य स्तर पर भी जिले की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने उप संचालक उद्यानिकी एमएल उइके को निर्देशित किया कि बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक प्रकरणों में ऋ ण वितरण करें। छिंदवाड़ा-सिवनी राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति की भी समीक्षा के दौरान एनएच अधिकारियों ने जानकारी दी कि सडक़ पर बने गड्ढों की मरम्मत का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। कलेक्टर नारायन ने निर्देश दिए कि भविष्य में सडक़ की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि आवागमन में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में पीएचई विभाग को महिला एवं बाल विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। सीएम हेल्पलान के निराकरण के निर्देश समीक्षा के दौरान कलेक्टर नारायन ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की विभागवार स्थिति जानी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन विभागों की ग्रेडिंग कमजोर है, उनके नोडल अधिकारी तत्काल कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी को अंतिम ग्रेडिंग जारी होने वाली है इसलिए सभी विभाग शेष प्रकरणों का शीघ्र और संतोषजनक निराकरण करें। ईएमएस/मोहने/ 16 फरवरी 2026