क्षेत्रीय
17-Feb-2026
...


- धमतरी में 85 केंद्रों पर होंगे एग्जाम धमतरी(ईएमएस)। जिले में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षाओं के संचालन के लिए कुल 85 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षाएं छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित की जा रही हैं, जिसका मुख्यालय रायपुर में है। सभी केंद्र प्रभारियों को बुलाकर गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण किया गया। पुलिस सुरक्षा के बीच इन सामग्रियों को संबंधित क्षेत्रों के थानों तक भेजा गया, जहां से परीक्षा दिवस पर इन्हें परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। बोर्ड परीक्षा के संचालन के लिए समन्वय केंद्र डॉ. शिवसिंह वर्मा उमावि बनाया गया है। यहां प्रश्नपत्र, उपस्थिति पत्रक, पंचनामा, मानदेय बिल और अभिरक्षा पंजी सहित अन्य गोपनीय सामग्री वितरित की गई। इस दौरान मंडल की प्रतिनिधि अल्का जैन और जिला प्रभारी वर्षा सिंह मौजूद रहीं। शिक्षा विभाग ने सामग्री को सुरक्षित पहुंचाने के लिए 9 वाहनों की व्यवस्था की थी, जिनमें 6 बसें और 3 जीप शामिल थीं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र के लिए दो पेटियों में गोपनीय सामग्री भेजी गई। हालांकि केंद्र से वाहन तक पेटियां ले जाने की अलग व्यवस्था नहीं होने से शिक्षकों को खुद ही पेटियां उठानी पड़ीं। इस वर्ष जिले में कुल 18,253 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें 10वीं के 10,441 और 12वीं के 7,812 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)17 फरवरी 2026