क्षेत्रीय
17-Feb-2026
...


- एनएसयुआई कार्यकर्ता बोले - 2 माह के लिए आए प्राचार्य 2 साल से जमें ब्यावरा, ईएमएस l मंगलवार को शासकीय महाविद्यालय सुठालिया में अनियमितताओं, प्रशासनिक लापरवाही और छात्र हितों की अनदेखी के विरोध में एनएसयुआई ने प्रदर्शन किया। संगठन ने महाविद्यालय में व्याप्त समस्याओं की जांच और सुधार की मांग की है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई, सुरक्षा और भविष्य प्रभावित होने से रोका जा सके। NSUI ने आरोप लगाया कि प्राचार्य व्हीएस बेस, जो केवल दो माह के डिप्लॉयमेंट पर आए थे, पिछले दो वर्षों से पद का प्रभार संभाल रहे हैं। संगठन ने इसे नियमों के विपरीत बताया। इसके अतिरिक्त, प्रयोगशाला उन्नयन के लिए स्वीकृत लगभग 15 लाख रुपये के लेप्स हो जाने को गंभीर प्रशासनिक विफलता बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है। संगठन ने महाविद्यालय परिसर के बीच से खेल मैदान के लिए रास्ता दिए जाने पर भी आपत्ति जताई। NSUI का कहना है कि वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होने के बावजूद बीच से रास्ता देना विद्यार्थियों की सुरक्षा से समझौता है। साथ ही, महाविद्यालय को स्नातकोत्तर (PG) स्तर पर उन्नत करने की मांग की गई, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े। NSUI ने लंबे समय से बंद पड़ी लाइब्रेरी को विद्यार्थियों के शैक्षणिक अधिकारों का हनन बताया और इसे नियमित रूप से संचालित करने की मांग की। सांसद निधि से स्थापित ओपन जिम के लिए प्रशिक्षक उपलब्ध नहीं होने पर भी सवाल उठाया गया, जिसे संसाधनों की बर्बादी बताते हुए तत्काल व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त, जन्तु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और राजनीतिक विज्ञान विषयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने और पेयजल टंकी की नियमित सफाई जैसे मुद्दों को भी उठाया गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कॉलेज का घेराव किया और गेट के सामने धरना दिया। उन्होंने जमकर नारेबाजी भी की। कार्यकर्ताओ ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन व्यापक आंदोलन करेगा। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोहन लोधी, छात्र नेता ललित सोलंकी, छात्र नेता एल्कार सोंधिया सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। -निखिल/ब्यावरा/17/2/2026