- 3 फीसदी महंगाई राहत और स्वास्थ्य बीमा की मांग को लेकर कलेक्टोरेट में किया प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन गुना (ईएमएस) अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को पुलिस पेंशनर्स संघ मध्य प्रदेश की जिला इकाई गुना के बैनर तले सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में एकत्रित हुए पेंशनर्स नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। पेंशनर्स ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि यदि उनकी जायज मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और उग्र करेंगे। ज्ञापन के माध्यम से संघ ने मांग की है कि केंद्र सरकार द्वारा अपने पेंशनभोगियों को 1 जुलाई 2025 से 3 प्रतिशत महंगाई राहत प्रदान कर दी गई है, जिससे उनका कुल भत्ता 53 प्रतिशत हो गया है। इसके विपरीत, मध्य प्रदेश सरकार ने अभी तक प्रदेश के करीब 5.50 लाख पेंशनर्स के लिए यह राहत राशि जारी नहीं की है, जिससे उन्हें हर महीने भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। पेंशनर्स ने मांग की है कि केंद्र के समान तत्काल 3 प्रतिशत महंगाई राहत प्रदान की जाए। इसके साथ ही, पेंशनर्स ने आयुष्मान योजना की तर्ज पर स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि कैबिनेट में पूर्व में चर्चा के अनुसार प्रीमियम राशि लेकर 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने की योजना बनाई गई थी, जिसे तत्काल स्वीकृत कर लागू किया जाना चाहिए ताकि उम्र के इस पड़ाव पर बीमार वृद्ध पेंशनर्स को इलाज की समुचित सुविधा मिल सके। इस दौरान जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि सरकार की बेरुखी से सेवानिवृत्त कर्मचारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रांतीय उपाध्यक्ष सोमसिंह रघुवंशी, सचिव मदन साहू सहित बड़ी संख्या में संघ के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। -सीताराम नाटानी