:: शिक्षा की मांग पर अड़ी महिला के सामने झुके परिजन; एम.पी. ट्रांसको की तकनीकी सूझबूझ से बची जान :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के पास ग्राम बौरसी हातोद में मंगलवार को एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने हर किसी को हैरत में डाल दिया। एक विवाहिता अपनी पढ़ाई जारी रखने की मांग को लेकर 400 के.व्ही. हाईटेंशन लाइन के विशाल टावर पर जा चढ़ी। घंटों चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बीच मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) की तकनीकी सतर्कता और सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। जैसे ही एम.पी. ट्रांसको को टावर पर महिला के चढ़ने की सूचना मिली, टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई। सहायक अभियंता राजेंद्र कनोजे और रवीन्द्र पाटिल ने स्थिति को देखते हुए तत्काल पुलिस और स्थानीय लोगों को आगाह किया कि कोई भी महिला को उतारने के लिए टावर पर न चढ़े। विशेषज्ञों ने चेताया कि 400 के.व्ही. की लाइन के पास इंडक्शन जोन होता है, जहाँ तारों को छुए बिना भी जानलेवा विद्युत झटका लग सकता है। इस तकनीकी परामर्श ने किसी भी गलत रेस्क्यू प्रयास को रोक दिया, जिससे जनहानि की संभावना खत्म हो गई। :: विवाह के बाद पढ़ना चाहती थी अज्जू बाई :: जानकारी के अनुसार, ग्राम बौरसी निवासी श्रीमती अज्जू बाई विवाह के पश्चात अपनी शिक्षा निरंतर रखना चाहती थीं। परिजनों द्वारा सहमति न मिलने से क्षुब्ध होकर उन्होंने अपनी मांग मनवाने के लिए टावर नंबर 71 पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान नीचे खड़े ग्रामीणों और प्रशासनिक अमले की सांसें अटकी रहीं। :: जिद पूरी होने के आश्वासन पर उतरीं नीचे :: एम.पी. ट्रांसको के इंजीनियरों के मार्गदर्शन में परिजनों ने महिला से बातचीत की और उसे पढ़ाई जारी रखने का पक्का भरोसा दिलाया। मांग पूरी होने का आश्वासन मिलते ही अज्जू बाई सुरक्षित रूप से नीचे उतर आईं। जमीन पर कदम रखते ही परिजनों और प्रशासन ने राहत की सांस ली। एम.पी. ट्रांसको की समय पर दी गई तकनीकी सलाह और प्रशासनिक तालमेल की इस सफल रेस्क्यू के लिए सराहना की जा रही है। प्रकाश/17 फरवरी 2026