:: दिव्यांग और सामान्य मेडिकल बोर्ड का शेड्यूल जारी :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के जिला मेडिकल बोर्ड के संचालन केंद्र में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब मेडिकल बोर्ड का संचालन हुकुमचंद अस्पताल (लाल अस्पताल) के बजाय पुन: पंडित गोविंद वल्लभ पंत जिला चिकित्सालय परिसर में किया जाएगा। यह नई व्यवस्था बुधवार, 18 फरवरी से प्रभावी होगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हसानी ने बताया कि जिला चिकित्सालय के भवन निर्माणाधीन होने के कारण मेडिकल बोर्ड का संचालन अब तक प्रत्येक बुधवार को अस्थायी रूप से पॉलि क्लिनिक हुकुमचंद में किया जा रहा था। अब स्वास्थ्य सेवाओं को सुव्यवस्थित करते हुए इसे वापस जिला चिकित्सालय परिसर में स्थानांतरित कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी नई समय-सारणी के अनुसार, दिव्यांग बोर्ड का संचालन प्रत्येक बुधवार को किया जाएगा, जबकि सामान्य मेडिकल बोर्ड प्रत्येक शुक्रवार को जिला अस्पताल परिसर में ही लगेगा। बोर्ड के लिए पात्र उम्मीदवारों को प्रातः 09:00 बजे से 10:00 बजे के बीच फॉर्म वितरित किए जाएंगे। मेडिकल बोर्ड के लिए आवेदन जमा करने की प्रक्रिया को भी स्पष्ट किया गया है। आवेदक सोमवार से गुरुवार के बीच अपने आवेदन कार्यालय में जमा कर सकेंगे। इस बदलाव से दिव्यांगों और अन्य आवेदकों को एक ही स्थान पर सभी औपचारिकताएं पूरी करने में आसानी होगी। जिला स्वास्थ्य प्रशासन ने संबंधित आवेदकों से नई व्यवस्था के अनुसार उपस्थित होने की अपील की है। प्रकाश/17 फरवरी 2026