शाला प्रबंधन ने नहीं दिया एडमिट कार्ड : विद्यार्थी परिषद कार्यकताओं का जानसन स्कूल में प्रदर्शन हंगामा जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर के नर्मदा रोड़ कटंगा स्थित जॉनसन हायर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को दसवीं कक्षा की एक छात्रा को फीस जमा न होने के कारण एडमिट कार्ड नहीं दिए जाने के आरोपों को लेकर छात्रा के परिजनों व अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने स्कूल गेट पर हंगामा मचा दिया। इस दौरान शाला प्राचाय से मिलने की कोशिश् की गई परंतु उनके स्कूल में न होने की जानकारी मिलने के बाद गेट पर ही नारेबाजी व धरना दिया गया। आरोप है कि स्कूल फीस जमा नहीं करने के चलते स्कूल प्रबंधन ने उक्त छात्रा को बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड नहीं दिया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और विरोध जताते हुए स्कूल में ताला जड़ दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि फीस के अभाव में छात्रा का भविष्य खतरे में डालना अनुचित है। बताया गया कि दसवीं कक्षा की छात्रा सानिया उइके की पारिवारिक आर्थिक स्थिति कमजोर है। उन्हेंने यह भी बताया कि छात्रा की मां घर-घर जाकर काम करती हैं, जिसके कारण वे समय पर फीस जमा नहीं कर पाईं। छात्रा को निःशुल्क ट्यूशन देने वाले शिक्षक पराग दीवान ने बताया कि छात्रा ने पूरे वर्ष अच्छी पढ़ाई की, लेकिन फीस बकाया होने के कारण उसे तिमाही, छमाही और अंततः वार्षिक परीक्षा में भी बैठने नहीं दिया गया। विद्यार्थी परिषद के जबलपुर महानगर महामंत्री आर्यन पुंज ने आरोप लगाया कि छात्रा के परिजन पूर्व में भी फीस के संबंध में प्राचार्य से मिलने पहुंचे थे लेकिन उनसे मुलाकात नहीं कराई गई। प्रदर्शनकारियों ने यह भी बताया कि प्राचार्य के शहर से बाहर होने का हवाला देकर उन्हें मिलने नहीं दिया गया और बिना प्राचार्य के ही विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने आरोपों को निराधार बताते हुए जानकारी दी कि छात्रा की लगभग 9 हजार रुपये फीस बकाया थी। स्कूल का कहना है कि प्राचार्य द्वारा छात्रों को एडमिट कार्ड वितरित किए गए थे और छात्रा को परीक्षा में बैठने के लिए कहा गया थि परंतु कई बार संपर्क करने के बाद भी छात्रा परीक्षा देने नहीं आई, जबकि अब फीस को लेकर प्रताड़ना के आरोप लगाए जा रहे हैं। एसजे/ 18 फरवरी /2026