राज्य
18-Feb-2026


जबलपुर (ईएमएस)। शहर के माढ़ोताल थानांतर्गत बजरंग नगर में गत 9 फरवरी को शादी समारोह से लौट रही एक महिला के गले से पांच तोला वजनी सोने का हार लूट कर भागे बदमाशां का पुलिस को सप्ताह भर बाद सुराग लग गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब हो कि यादव कॉलोनी निवासी अनिल सोनी अपनी पत्नी मीना सोनी (53) और अन्य परिजनों के साथ 7 फरवरी को भोपाल एक विवाह समारोह में गए थे।वहां से 9 फरवरी की रात जब वे वापस लौटकर बजरंग नगर में बस से सामान उतार रहे थे कि इसी दौरान बाइक पर आए दो अज्ञात युवकों ने मीना सोनी के गले पर झपट्टा मारा और सोने का हार लूटकर फरार हो गए। लूटे गए हार की कीमत बाजार में करीब 7 से 8 लाख रुपये आंकी गई है। वारदात के बाद शिकायत पर पुलिस ने तफ्तीश शुरू की। इस दौरान पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 15 सीसीटीवी कैमरों के 20 फुटेज खंगाले। इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की बाइक की मूवमेंट ट्रैक की गई, जो विजयनगर क्षेत्र से पाठ बाबा और वहां से कंचनपुर की ओर जाती पाई गई। अंतत: तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को उनके निवास क्षेत्र कंचनपुर से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान स्थापित हो चुकी है और अब उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। आरोपियों से लूटे गए पांच तोला सोने के हार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं तो वहीं अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। .../ 18 फरवरी /2026