कांकेर(ईएमएस)। जिले के कोड़ेकुर्से थाना क्षेत्र में एक गंभीर यौन शोषण का मामला सामने आया है। जिले के एक सरकारी कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर तैनात सतीष कुमार गोटा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने पिछले 8 सालों से एक युवती को शादी का लालच देकर उसका शारीरिक शोषण किया। शिकायत मिलने के बाद वह फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसके निवास से उसे दबोच लिया। पीड़ित युवती ने 17 फरवरी 2026 को कोड़ेकुर्से थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि आरोपी सतीष कुमार गोटा (निवासी ग्राम बोगर, भानुप्रतापपुर) उसका दूर का रिश्तेदार है। पहले वह मलेरिया वर्कर के रूप में काम करता था और इसी दौरान युवती के घर में ही रहता था। साल 2013 से उसने युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म शुरू कर दिया। साल 2021 में वह जिले के एक कॉलेज में प्रोफेसर बन गया। इसके बाद उसने युवती से दूरी बनानी शुरू कर दी और शादी की बात पर टालमटोल करने लगा। अंततः शादी से साफ इनकार कर दिया। इस धोखे और लगातार शोषण से तंग आकर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की भनक लगते ही प्रोफेसर फरार हो गया था। कोड़ेकुर्से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकाने का पता लगाया और उसके निवास से उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं (धोखाधड़ी, शादी का झांसा देकर यौन संबंध, यौन उत्पीड़न आदि) के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और मामले की गहन जांच जारी है। यदि कोई अन्य पहलू सामने आता है तो उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस(राकेश गुप्ता)20 फरवरी 2026