लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश को डिजिटल और टेक्नोलॉजी हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि सामने आई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में बीके सेल्स कॉर्पाेरेशन लगभग 400 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक हाइपरस्केल डेटा सेंटर स्थापित करेगा। यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कंपनी को डेटा सेंटर स्थापना के लिए पांच एकड़ भूमि आवंटन का पत्र सौंपा। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया भी मौजूद रहे। यह महत्वाकांक्षी परियोजना उत्तर भारत में डिजिटल अवसंरचना को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर मानी जा रही है। कैलटेक (कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) के पूर्व छात्र करण गुप्ता के नेतृत्व में प्रस्तावित यह परियोजना दो अत्याधुनिक डेटा सेंटर भवनों के रूप में विकसित की जाएगी। इसकी कुल क्षमता लगभग 7000 सर्वर रैक की होगी। परियोजना में दो चरणों में करीब 400 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा और पूर्ण संचालन के बाद लगभग 100 उच्च-प्रशिक्षित पेशेवरों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। भूमि हस्तांतरण के 18 माह के भीतर व्यावसायिक संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इटली की वैश्विक कंपनी सिम्प्लास्ट ग्रुप ने यीडा क्षेत्र में 70 करोड़ रुपये के निवेश से ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए उन्नत प्लास्टिक एवं रोटेशनल मोल्डिंग उत्पादों की विनिर्माण इकाई स्थापित करने की घोषणा की है। इसमें 50 प्रतिशत एफडीआई शामिल होगा। यीडा के सीईओ ने कंपनी को तीन एकड़ भूमि आवंटन के लिए एलओआई पत्र सौंपा। यह परियोजना भारत-इटली औद्योगिक सहयोग को मजबूती देगी और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करेगी। जितेन्द्र 20 फरवरी 2026