:: शाही गुलाब जामुन का गंदा सच : बिना लाइसेंस फर्श पर बन रही थी मिठाई; भोजनालयों और नमकीन भंडारों पर भी दबिश :: इंदौर (ईएमएस)। होली के त्यौहार पर शहर के जायके में मिलावट का ज़हर घोलने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सर्जिकल स्ट्राइक शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर कलेक्टर शिवम वर्मा द्वारा चलाए जा रहे शुद्ध होली-सुरक्षित इंदौर अभियान के तहत शुक्रवार को पालदा स्थित सतगुरु फूड्स पर बड़ी कार्रवाई की गई। यहाँ बदबू और गंदगी के बीच बनाए जा रहे करीब 1600 किलोग्राम शाही गुलाब जामुन को ज़ब्त कर फैक्ट्री का कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब खंडेलवाल कंपाउंड स्थित फैक्ट्री पहुँची, तो नज़ारा चौंकाने वाला था। प्रोपराइटर विशाल उदासी के पास न तो खाद्य सामग्री बनाने का वैध लाइसेंस था और न ही कर्मचारी स्वच्छता मानकों का पालन कर रहे थे। कच्चे माल को ज़मीन पर अस्वच्छ तरीके से रखा गया था। पेस्ट कंट्रोल और पानी की शुद्धता की जाँच रिपोर्ट भी गायब मिली। प्रशासन ने नमूने लेकर पूरी खेप को सील कर दिया है। :: भोजनालयों और नमकीन दुकानों पर चाबुक :: प्रशासन के अलग-अलग दलों ने शहर के अन्य कोनों में भी मिलावटखोरों की घेराबंदी की: - राजकमल भोजनालय : रणजीत हनुमान रोड स्थित इस भोजनालय के किचन में भारी अव्यवस्था मिली। यहाँ से पनीर और आटे के नमूने लिए गए और सुधार होने तक कड़ी चेतावनी दी गई। - जय नमकीन : पिपलिया राव क्षेत्र में इस दुकान से नमकीन के सैंपल लिए गए और संचालक संजय गोयल को साफ-सफाई के कड़े निर्देश दिए गए। :: कलेक्टर की दोटूक - सेहत से समझौता नहीं :: कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्यौहारों पर आम जनता की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी नमूनों को भोपाल लैब भेजा गया है, जहाँ से रिपोर्ट आते ही दोषियों पर एफआईआर (FIR) सहित कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का यह शुद्धता अभियान पूरी होली तक सतत जारी रहेगा ताकि नागरिकों को शुद्ध खाद्य सामग्री मिल सके। प्रकाश/20 फरवरी 2025