छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। जिले में अवैध शराब के ठिकानों पर आबकारी की दबिश लगातार जारी है पिछले दो महीनों में आबकारी विभाग ने कई ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के ठिकानों पर कार्रवाई की है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशन में आबकारी अमला कार्रवाई करने में जुटा हुआ है। शुक्रवार को परासिया एसडीएम शिवम कुमार यादव और सहायक आबकारी अधिकारी बीआर वैद्य के मार्गदर्शन में वृत्त चांदामेटा प्रभारी द्वारा उमरेठ क्षेत्र के ग्राम गाजनडोह, गौरपानी, जमुनिया जेठू में दबिश कार्यवाही की गई। सबसे पहले आबकारी दल द्वारा ग्राम गाजनडोह के समीप नाला के किनारो में बने हाथ भट्टी शराब के अड्डों पर कार्यवाही की गई, जहाँ नाला के किनारे झाडिय़ों में छुपाकर रखे महुआ लहान से भरे प्लास्टिक की बोरी बरामद की गई। जहाँ से 08 प्लास्टिक की बोरियों में लगभग 400 कि.ग्रा. लहान के सैंपल लेकर शेष लहान को नष्ट किया गया। इसके बाद आबकारी अमला द्वारा गौरपानी में नदी के किनारे बने अड्डों में दबिश दी गई, जहाँ से अलग-अलग स्थानों में छुपाकर रखे 10 लहान की बोरियों को मौके पर हीं सैंपल लेकर 500 कि.ग्रा. लहान नष्ट किया गया तथा एक प्लास्टिक की बोरी में रखा लगभग 20 लीटर हाथ भट्टी भी बरामद किया गया। इसके बाद आबकारी बल जमुनिया जेठू में नाला किनारे से 02 प्लास्टिक के ड्रम में भरा 400 कि.ग्रा. लहान बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया गया एवं मदिरा निर्माण की सामग्री को जप्त किया गया। इस दबिश कार्यवाही में कुल 1300 कि.ग्रा. महुआ लहान एवं 20 लीटर हाथ भट्टी शराब जप्त कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत 04 प्रकरण कायम किया गया । ईएमएस / 20/02/2026