छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। वन वृत्त छिंदवाड़ा और पांढुरना सहित जिले के तीनों वन मंडलों में गुरूवार 20 फरवरी से गिद्धों की वार्षिक गणना का कार्य शुरू हो गया है। यह अभियान लगातार तीन दिनों २३ फरवरी तक एक साथ सभी वन मंडलों में संचालित किया जाएगा। वन अमले की टीमें निर्धारित स्थलों पर पहुंचकर गिद्धों की संख्या दर्ज कर रही हैं।वन अधिकारियों के अनुसार, पिछले वर्ष हुई गणना में जिलेभर में कुल 1१६ गिद्ध दर्ज किए गए थे। इस वर्ष भी संख्या में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है। गिद्धों की मौजूदगी पर्यावरण संतुलन का महत्वपूर्ण संकेत मानी जाती है, इसलिए उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।गणना के दौरान वनकर्मी सुबह से शाम तक संभावित बसेरों, ऊंचे पेड़ों, पहाड़ी क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास विशेष निगरानी कर रहे हैं। दूरबीन और अन्य तकनीकी उपकरणों की मदद से गिद्धों की सही संख्या का आकलन किया जा रहा है।पश्चिम वन मण्डल की एसडीओ सीमा ठाकुर का कहना है कि गिद्धों के संरक्षण के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में पशु चिकित्सकीय दवाओं के नियंत्रित उपयोग और प्राकृतिक आवास की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।तीन दिवसीय गणना के बाद तैयार रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी। इसके बाद ही जिले मेें गिद्धो की संख्या का पता चलेगा । यदि इस वर्ष संख्या में वृद्धि दर्ज होती है तो इसे संरक्षण प्रयासों की सकारात्मक सफलता माना जाएगा ईएमएस / 20/02/2026