राष्ट्रीय
20-Feb-2026
...


* “नेशन फर्स्ट, पार्टी सेकंड”; नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल में वित्तीय पारदर्शिता और विकास दर में मजबूती का दावा अहमदाबाद (ईएमएस)| भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर पहुंचे। गांधीनगर की इन्फोसिटी में आयोजित बजट बैठक में उन्होंने राज्य के उद्योगपतियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की। केंद्र सरकार के हालिया बजट पर बोलते हुए उन्होंने इसे “प्रोग्रेसिव और विकास सूचक बजट” बताया। उन्होंने कहा कि गुजरात वह भूमि है जहां विकास मॉडल की शुरुआत हुई और जिसके प्रयोग आज देश के कई राज्यों में लागू किए जा रहे हैं। नितिन नवीन ने कहा, “गुजरात के उद्योगपतियों और सभी प्रतिनिधियों का योगदान राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण रहा है। यहां व्यवसाय के प्रति जो प्रतिबद्धता है, वह राष्ट्र के प्रति समर्पण के रूप में दिखाई देती है।” उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष बने उन्हें एक महीना पूरा हो गया है और ऐसे अवसर पर गुजरात की धरती पर आना उनके लिए गौरव की बात है। “हम उस दल से हैं जहां ‘नेशन फर्स्ट, पार्टी सेकंड’ का सिद्धांत सर्वोपरि है,” उन्होंने जोर देते हुए कहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश में वित्तीय प्रबंधन और पारदर्शिता के क्षेत्र में बड़े सुधार हुए हैं। जनधन योजना के तहत करोड़ों बैंक खाते खोले गए और बड़े पैमाने पर अवैध लेनदेन पर रोक लगाई गई। उन्होंने दावा किया कि अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का विजन सफल रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के बावजूद भारत 7 प्रतिशत की विकास दर के साथ आगे बढ़ रहा है और महंगाई भी नियंत्रण में है। गुजरात की औद्योगिक प्रगति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य अब केवल टेक्सटाइल और डायमंड तक सीमित नहीं है, बल्कि सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग जैसे नए क्षेत्रों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। बजट में स्टार्टअप, मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और डिफेंस सेक्टर को विशेष प्रोत्साहन दिया गया है। उन्होंने सूरत में प्रस्तावित फ्रेट कॉरिडोर का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे गुजरात के उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। दिल्ली में आयोजित एआई समिट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की ओर बढ़ रहा है। अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को स्पष्ट विजन दिया है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से राष्ट्रीय हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील भी की। सतीश/20 फरवरी