राज्य
20-Feb-2026


:: इंदौर जिला सबसे आगे, 82 हजार लोगों ने उठाई छूट; 28 फरवरी तक मिलेगा 90% तक लाभ का मौका :: इंदौर (ईएमएस) | मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा बकायादार बिजली उपभोक्ताओं के लिए लागू की गई समाधान योजना मालवा-निमाड़ अंचल में संजीवनी साबित हो रही है। अब तक क्षेत्र के लगभग 6.71 लाख उपभोक्ताओं ने इस योजना के तहत अपना पंजीयन कराकर लाभ लिया है। इंदौर जिला इस सूची में शीर्ष पर है, जहाँ 82 हजार उपभोक्ताओं ने अपने भारी-भरकम बकाया बिलों का निपटारा कर बड़ी राहत पाई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, योजना का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं को अब तक करीब 28 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड छूट प्रदान की जा चुकी है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह योजना 28 फरवरी तक प्रभावी रहेगी, जिसमें पात्रतानुसार 50 से 90 प्रतिशत तक की छूट प्राप्त करने का अंतिम सुनहरा अवसर है। :: इंदौर टॉप पर, खरगोन-उज्जैन भी रेस में :: योजना का लाभ लेने के मामले में इंदौर के बाद खरगोन दूसरे स्थान पर है, जहाँ 68 हजार उपभोक्ताओं ने लाभ लिया। उज्जैन 67,200 उपभोक्ताओं के साथ तीसरे और रतलाम 65,800 उपभोक्ताओं के साथ चौथे स्थान पर रहा। बड़वानी जिले में भी 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने छूट का लाभ उठाया है। अन्य जिलों में भी 23 हजार से लेकर 45 हजार उपभोक्ताओं ने बकाया राशि जमा कर राहत प्राप्त की है। :: मौका न चूकें, ऐसे उठाएं योजना का लाभ :: पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपील की है कि शेष बकायादार उपभोक्ता 28 फरवरी की समय सीमा समाप्त होने से पहले इस योजना का लाभ अवश्य उठाएं। लाभ लेने की प्रक्रिया बेहद सरल रखी गई है: - उपभोक्ता अपने संबंधित बिजली जोन या वितरण केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं। - डिजिटल सुविधा के लिए कंपनी के पोर्टल mpwz.co.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन और भुगतान किया जा सकता है। प्रकाश/20 फरवरी 2025