:: डिप्लोमा धारी एमआर निकला नशे का सौदागर; सस्ते में खरीदकर युवाओं को महंगे दामों पर बेचते थे मौत का सामान :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर शहर में अवैध मादक पदार्थों और नशीली वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए पुलिस आयुक्त के सख्त निर्देशों के बाद खजराना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो शातिर बदमाशों को दबोचा है, जिनके पास से भारी मात्रा में प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट बरामद की गई हैं। आरोपियों के कब्जे से कुल 96 हजार रुपये से अधिक की मशरूका जब्त की गई है। पुलिस उपायुक्त (ज़ोन-02) कुमार प्रतीक और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्त खजराना कुंदन मण्डलोई द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध टीम गठित की गई थी। :: स्टार चौराहे के पास घेराबंदी, भागने की कोशिश नाकाम :: थाना प्रभारी खजराना की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्कीम नंबर 134, स्टार चौराहे के पास खाली मैदान में दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ किसी डील की फिराक में खड़े हैं। पुलिस टीम के पहुँचते ही आरोपियों ने घबराकर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें धरदबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से प्रतिबंधित नशे की 1200 अल्प्राजोलम टेबलेट मिलीं। पूछताछ में वे दवाओं की खरीदी-बिक्री से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। :: पढ़ा-लिखा एमआर और अनपढ़ फैब्रिकेटर का नेक्सस :: पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों की पृष्ठभूमि ने जांच टीम को भी चौंका दिया: साहिल (खंडवा नाका निवासी) : यह आरोपी डिप्लोमा धारी है और पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) का कार्य करता है। तकनीकी जानकारी का उपयोग उसने नशे के काले कारोबार के लिए किया। अकरम उर्फ चिटकु खान (खजराना निवासी) : यह आरोपी अनपढ़ है और फैब्रिकेशन का कार्य करता है। आरोपियों ने कबूला कि वे खुद भी नशे के आदी हैं। अपनी लत को पूरा करने और अधिक मुनाफा कमाने की नीयत से वे इन दवाओं को सस्ते दामों पर खरीदकर शहर के अन्य नशेड़ियों को महंगे दामों पर बेचते थे। :: एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज :: पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना खजराना में अपराध क्रमांक 138/26, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। जब्त की गई टेबलेट्स की कीमत 36,000 रू. और मोटरसाइकिल की कीमत 60,000 रू. आंकी गई है। पुलिस अब इन टेबलेट्स के सोर्स (सप्लायर) और उनके पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है। प्रकाश/20 फरवरी 2025