राज्य
21-Feb-2026


:: 19 मार्च से सबके राम का दिव्य आयोजन; आज होगा भूमि पूजन :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के ऐतिहासिक दशहरा मैदान पर पिछले चार वर्षों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 19 मार्च से 27 मार्च तक सबके राम श्रीराम जन्मोत्सव एवं मेले का दिव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव की भव्य तैयारियों के लिए रविवार, 22 फरवरी को सुबह 10:30 बजे दशहरा मैदान पर विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में भूमि पूजन संपन्न होगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य घर-घर में प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव उल्लासपूर्वक मनाना है। लोक कल्याण समिति के प्रमुख संयोजक महेंद्र सिंह चौहान एवं सचिव श्रीमती प्रवीणा अग्निहोत्री ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण वृन्दावन के विश्व प्रसिद्ध प्रेम मंदिर की भव्य प्रतिकृति होगी। श्रद्धालु न केवल मंदिर के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे, बल्कि उन्हें यहाँ बृज क्षेत्र की पवित्र माटी और यमुना जी के पावन जल के दर्शन का सौभाग्य भी प्राप्त होगा। पूरे परिसर को ‘अवधलोक’ के रूप में सजाया जा रहा है, जहाँ प्रेम मंदिर के दर्शन सुबह 7 से रात 11 बजे तक निशुल्क रहेंगे। :: श्रीराम जानकी महायज्ञ और सांस्कृतिक संध्या :: महोत्सव के दौरान श्रीराम जानकी सर्व विजय महायज्ञ का आयोजन होगा, जिसमें प्रतिदिन सैकड़ों युगल सनातन धर्म की सुदृढ़ता के लिए आहुतियां देंगे। - महायज्ञ : प्रतिदिन सुबह 7:00 से 10:00 बजे तक संपन्न होगा। - सांस्कृतिक उत्सव : प्रतिदिन रात 8:00 बजे से प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण पर आधारित गीत-संगीत, नृत्य और साहित्यिक स्पर्धाएं आयोजित होंगी। - मेला : दोपहर 3:00 बजे से रात 11:00 बजे तक चलेगा, जिसमें विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं के दर्शन होंगे। :: विश्व कीर्तिमान की तैयारी :: गत वर्ष इस आयोजन ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया था। आयोजन समिति का लक्ष्य है कि इस वर्ष भी भव्यता और जन-भागीदारी के माध्यम से एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया जाए। आयोजन को भव्य बनाने के लिए वार्ड स्तर पर घर-घर पीले चावल देकर नागरिकों को आमंत्रित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। तैयारियों को लेकर महू नाका स्थित सबके राम कार्यालय पर नियमित बैठकें जारी हैं, जिसमें जनप्रतिनिधि सक्रिय रूप से मार्गदर्शन दे रहे हैं। प्रकाश/21 फरवरी 2026