राज्य
21-Feb-2026
...


:: लसुडिया मोरी रोड पर बस के इंतजार में खड़ा था आरोपी; विदेशी मदिरा की 20 बोतलें जब्त, आरोपी मोरबी का निवासी :: इंदौर (ईएमएस)। कलेक्टर शिवम वर्मा के आदेश तथा सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशानुसार इंदौर जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग की टीम ने शनिवार को गुजरात ले जाई जा रही अवैध विदेशी शराब की खेप पकड़ी और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आबकारी वृत्त मालवा मिल बी की टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लसुडिया मोरी रोड पर सूटकेस में शराब भरकर गुजरात जाने वाली बस का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। वहां खड़े संदिग्ध व्यक्ति की जब तलाशी ली गई, तो उसके सूटकेस से विदेशी मदिरा की 20 बोतलें बरामद हुईं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 32 हजार रू. आंकी गई है। आबकारी विभाग ने शराब जब्त कर आरोपी जय कुटक, निवासी मोरबी (गुजरात) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि आरोपी ने यह शराब कहाँ से खरीदी थी और क्या वह पहले भी इस तरह की तस्करी में शामिल रहा है। यह कार्यवाही कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी, डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति चौबे के मार्गदर्शन में की गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के भंडारण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। प्रकाश/21 फरवरी 2026