:: विभागीय पत्राचार और नोटशीट अब पूरी तरह पेपरलेस; अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला टेबल-टू-टेबल तकनीकी प्रशिक्षण :: इंदौर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) ने प्रशासनिक कार्यक्षमता को बढ़ाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंदौर सहित पूरे प्रदेश के ट्रांसको कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली का सुचारु क्रियान्वयन कर दिया गया है। इस नई व्यवस्था के लागू होने से मुख्यालय शक्ति भवन (जबलपुर) से लेकर क्षेत्रीय और फील्ड कार्यालयों तक समस्त विभागीय पत्राचार और कार्यालयीन कार्य अब पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित हो रहे हैं। एम.पी. ट्रांसको के आईटी हेड डॉ. हिमांशु श्रीवास्तव ने बताया कि इस प्रणाली को दो चरणों में योजनाबद्ध तरीके से लागू किया गया। प्रथम चरण में जबलपुर स्थित मुख्यालय के विभागों को ई-ऑफिस से जोड़ा गया, जबकि दूसरे चरण में प्रदेश के समस्त फील्ड और वृत कार्यालयों को इस नेटवर्क के दायरे में लाया गया। इस मिशन को सफल बनाने में प्रोग्रामर नीलम मर्सकोले का महत्वपूर्ण तकनीकी योगदान रहा। :: तकनीकी दक्षता के लिए दिया गया विशेष प्रशिक्षण :: प्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए आई.टी.-ई.आर.पी. संकाय के प्रोग्रामर प्रवीण शुक्ला द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों को ऑनलाइन एवं व्यक्तिगत रूप से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। टेबल-टू-टेबल ट्रेनिंग के माध्यम से कर्मचारियों की तकनीकी शंकाओं का समाधान कर उन्हें इस सॉफ्टवेयर में दक्ष बनाया गया है। :: हेल्प डेस्क से मिल रहा मार्गदर्शन :: ई-ऑफिस के निरंतर और बाधा रहित संचालन के लिए मुख्यालय शक्ति भवन में एक विशेष हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहाँ प्रोग्रामर नीलम मर्सकोले द्वारा तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। इस डिजिटल बदलाव से न केवल फाइलों के निपटान में तेजी आएगी, बल्कि पारदर्शिता और डेटा सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। प्रकाश/21 फरवरी 2026