मुंबई (ईएमएस)। मशहूर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर महान रेडियो उद्घोषक अमीन सयानी को उनकी पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। जैकी दादा ने दोनों की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा “अमीन सयानी जी, आप हमारे दिल में हमेशा रहेंगे।”अमीन सयानी भारतीय रेडियो जगत के सबसे सम्मानित और लोकप्रिय नामों में से एक थे। उन्हें ‘आवाज़ का जादूगर’ कहा जाता था। उनके प्रतिष्ठित रेडियो शो बीनाका गीतमाला ने उन्हें घर-घर तक पहचान दिलाई। उनके ‘बहनों और भाइयों’ वाले अंदाज़ को आज भी लोग याद करते हैं। छह दशकों से अधिक समय तक सक्रिय रहते हुए उन्होंने 54,000 से अधिक कार्यक्रमों का निर्माण और संचालन किया, जिसके लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित भारतीय पुरस्कार भी मिले। सयानी ने अपने रेडियो करियर की शुरुआत महज 9 साल की उम्र में की थी। उनके बड़े भाई हमीद सयानी उन्हें ऑल इंडिया रेडियो बांबे ले गए थे, जहां उन्होंने अपनी आवाज रिकॉर्ड की और वहीं से रेडियो के सफ़र की शुरुआत हुई। 1952 में ‘बिनाका गीतमाला’ के प्रसारण ने उन्हें अचानक देशभर में सुपरस्टार बना दिया। उनकी गर्मजोशी भरी आवाज और श्रोताओं से दिल से जुड़ने का तरीका उन्हें सबसे अलग बनाता था। रेडियो के साथ-साथ अमीन सयानी कई फिल्मों में रेडियो अनाउंसर के रूप में भी नज़र आए। इनमें भूत बंगला, तीन देवियां, बाक्सर और कत्ल जैसी फिल्में शामिल हैं। उन्होंने लता मंगेशकर, मोहम्मद रफी, किशोर कुमार और राज कपूर जैसे महान कलाकारों के इंटरव्यू भी किए, जिनसे उनकी लोकप्रियता और बढ़ी। दिलचस्प बात यह है कि रेडियो में करियर शुरू करने के शुरुआती दिनों में अमिताभ बच्चन भी अपनी किस्मत आज़माने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अमीन सयानी ने बिना आवाज सुने ही रिजेक्ट कर दिया था। बाद में जब उन्होंने अमिताभ की आवाज सुनी, तो मज़ाक में कहा “तुम्हारी आवाज सुनकर लोग डर जाएंगे।” किसने सोचा था कि यही आवाज आगे चलकर भारतीय सिनेमा की पहचान बन जाएगी। अमीन सयानी की विरासत आज भी भारतीय रेडियो के स्वर्णिम युग की सबसे बड़ी निशानी बनी हुई है, और जैकी श्रॉफ का यह श्रद्धांजलि संदेश उनकी अमर यादों को एक बार फिर ताज़ा कर देता है। बता दें कि मशहूर अभिनेता जैकी श्रॉफ आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। फिल्मों के अलावा वे सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहते हैं और अक्सर दिग्गज हस्तियों को याद करते हुए अपनी पुरानी यादें साझा करते हैं। सुदामा/ईएमएस 23 फरवरी 2026