मनोरंजन
23-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस की धर्म पत्नी और प्लेबैक सिंगर अम्रता फडनवीस आजकल अपने नए भक्ति गीत शंभू रे को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में रिलीज हुए इस गीत ने कुछ ही समय में दर्शकों के बीच खास जगह बना ली है। इस गीत को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। अब तक इस गाने को 9 लाख से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। संगीत प्रेमियों के बीच बढ़ती लोकप्रियता के बीच अमृता फडणवीस ने अपने संगीत सफर, जुनून और अभिनय को लेकर अपनी स्पष्ट राय साझा की। जब उनसे पूछा गया कि मनोरंजन जगत से नजदीकी जुड़ाव होने के बावजूद क्या उन्होंने कभी फिल्मों में अभिनय करने के बारे में सोचा है, तो उन्होंने साफ कहा कि यह रास्ता उनके लिए नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें कई बार फिल्मों में काम करने के ऑफर मिले, लेकिन हर बार उन्होंने विनम्रता से इन प्रस्तावों को ठुकरा दिया। उनका मानना है कि हर इंसान का जीवन एक तय दिशा में आगे बढ़ता है और उनके जीवन की दिशा संगीत है, न कि अभिनय। उनके अनुसार, संगीत ऐसी कला है जिसमें वह खुद को पूरी तरह व्यक्त कर पाती हैं और दिल से जुड़ाव महसूस करती हैं। अमृता फडणवीस ने आगे बताया कि संगीत उनके लिए सिर्फ करियर नहीं, बल्कि उनकी आत्मा का हिस्सा है। संगीत के प्रति इतने गहरे लगाव के बाद उनका कहना बिल्कुल स्पष्ट है अभिनय नहीं, संगीत ही उनका पहला और आखिरी प्यार है। उन्होंने कहा कि उनके लिए संगीत सांस लेने जैसा है जैसे इंसान बिना सांस के जीवित नहीं रह सकता, वैसे ही वे बिना संगीत के खुद को अधूरा महसूस करती हैं। चाहे सुबह का शांत माहौल हो या देर रात का समय, उन्हें जैसे ही अवसर मिलता है, वे शास्त्रीय संगीत का रियाज करने बैठ जाती हैं। सुरों की साधना उनकी रोजमर्रा की दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो उन्हें मानसिक सुकून और ऊर्जा देता है। उनके नवीनतम भक्ति गीत शंभू रे को लेकर भी उन्होंने खास खुशी जाहिर की। इस गीत के संगीत को मोटी शर्मा ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल सृजन विनय वैष्णव ने लिखे हैं। गाने का निर्देशन राजीव वालिया ने किया और इसकी शूटिंग भगवान शिव से जुड़े 27 पवित्र स्थलों पर की गई, जिससे इसमें एक आध्यात्मिक गहराई जुड़ गई है। अमृता फडणवीस का कहना है कि भक्तिमय संगीत गाते समय उन्हें विशेष शांति मिलती है और यह उनके लिए ईश्वर से संवाद का माध्यम बन जाता है। सुदामा/ईएमएस 23 फरवरी 2026