मनोरंजन
23-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। होली को लेकर भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह और खेसारी लाल यादव के बाद अब लोकप्रिय स्टार पवन सिंह अपना नया होली सॉन्ग लेकर दर्शकों के सामने आ गए हैं। उनका नया गाना सतरंगी सलवारवा रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है, जिसमें वे एक्ट्रेस महिमा सिंह के साथ होली के रोमांटिक रंग बिखेरते नज़र आ रहे हैं। वीडियो में पवन सिंह महिमा सिंह की खूबसूरती पर फ़िदा दिखाई देते हैं, जिन्हें पारंपरिक घाघरा-चोली में देखकर अभिनेता उन पर प्यार बरसाने को बेताब हैं। वहीं महिमा भी जानती हैं कि पवन की होली खेलने की चाहत सिर्फ रंगों तक सीमित नहीं, बल्कि रोमांस का बहाना भी है। इसलिए वह उन्हें हल्का-फुल्का इग्नोर कर उनका उत्सुकता भरा अंदाज़ और दिलचस्प बना देती हैं। पूरा गाना होली की खुशबू, रंग और मस्ती से भरा हुआ है, जिसे देखकर दर्शक भी झूम उठते हैं। गाने के लिरिक्स और बीट्स इसे और दमदार बनाते हैं। तेज़-तर्रार संगीत सुनते ही डांस करने का मन होने लगता है। पवन सिंह के गानों की लोकप्रियता को देखते हुए यह गाना रिलीज़ के साथ ही वायरल होना तय था। खबर लिखे जाने तक ‘सतरंगी सलवारवा’ को 25 हजार से ज़्यादा व्यूज़ मिल चुके थे, जबकि इसे सुबह 7 बजे के बाद रिलीज़ किया गया था। फैंस कमेंट्स में इसे पहले से ही ब्लॉकबस्टर हिट बता रहे हैं। यह पहली बार नहीं है जब पवन सिंह और महिमा सिंह की जोड़ी स्क्रीन पर साथ दिखी हो। इससे पहले दोनों का रोमांटिक अंदाज़ भोजपुरी गाने बानी लइका में भी देखने को मिला था। उस गाने की रिलीज़ के बाद दोनों को पवन सिंह के जन्मदिन पर साथ केक काटते हुए भी देखा गया था। साथ ही, गाना लॉन्च होने के बाद दोनों ने रोमांटिक तस्वीरें भी शेयर की थीं, जिसके बाद दोनों की डेटिंग को लेकर चर्चाएं तेज़ हो गई थीं। हालांकि इन अफवाहों की पुष्टि अभी तक पवन सिंह की ओर से नहीं की गई है। बता दें कि आगामी 4 मार्च को मनाई जाने वाली होली को लेकर देशभर में तैयारियां ज़ोरों पर हैं और ऐसे में भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री भी पीछे नहीं है। सुदामा/ईएमएस 23 फरवरी 2026