कैंट पुलिस ने दर्ज किया गबन का मामला गुना (ईएमएस)। जिले के कैंट थाना क्षेत्र में बिजली चोरी या धोखाधड़ी का नहीं, बल्कि सरकारी विद्युतीकरण कार्य के लिए दिए गए लाखों के मटेरियल के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। भोपाल की प्रशांत इलेक्ट्रिकल्स फर्म के सुपरवाइजर नीरज चौहान ने थाने में आवेदन देकर बताया कि उनकी कंपनी द्वारा कुस्मौदा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित स्टोर से उप-ठेकेदारों को कार्य के लिए विद्युत सामग्री उपलब्ध कराई गई थी। शिकायत के अनुसार, अनुबंध के तहत कार्य पूर्ण होने के बाद शेष मटेरियल स्टोर में वापस जमा करना था। लेकिन उप-ठेकेदार नितिन चौधरी और चंद्र प्रकाश (दोनों निवासी इटावा, उत्तर प्रदेश) लगभग 10 लाख रुपये मूल्य का मटेरियल लेकर रफूचक्कर हो गए। गायब सामग्री में रैकून, डग कंडक्टर, विभिन्न साइज की केबल और फैब्रिकेटेड मटेरियल शामिल है। आरोप है कि इन उप-ठेकेदारों ने या तो इस कीमती सामान का स्वयं उपयोग कर लिया है या फिर उसे बाजार में बेच दिया है। बार-बार संपर्क करने के बाद भी जब मटेरियल वापस नहीं मिला, तो कंपनी ने पुलिस की शरण ली। कैंट पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) के तहत धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी