क्षेत्रीय
23-Feb-2026
...


- राज्यमंत्री टेटवाल बोले- मन चंगा तो कठौती में गंगा राजगढ़(ईएमएस)l गत दिवस जिले के सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मऊ (पढ़ाना) स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर परिसर में रविदास महाराज का जन्मोत्सव समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री गौतम टेटवाल और कांग्रेस नेता मुकेश मेघवाल ने सभा में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को संबोधित किया। यह आयोजन आदर्श मेघवाल (जांगड़ा) समाज विकास समिति, सारंगपुर/पचोर के तत्वावधान में आयोजित किया गया था। इस मौके पर राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि संत रविदास जी ने जीवन और वचनों के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का शाश्वत संदेश दिया। उन्होंने उनके प्रसिद्ध विचार मन चंगा तो कठौती में गंगा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आंतरिक शुद्धता, सदाचार और सकारात्मक चिंतन का मार्ग दिखाता है। - रविदास महाराज ने समाज में भाईचारा बढ़ाया मंत्री टेटवाल ने कहा कि संत रविदास ने जाति-पांति और भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने सभी से उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, संगठन और समाज उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर डॉ. भवानी शंकर वर्मा (प्रदेश अध्यक्ष, मेघवाल समाज महासंघ म.प्र.), जगदीश वर्मा, अशोक वर्मा, परमानंद वर्मा, अनार सिंह वर्मा, रामचंद्र जलालिया, राजेश रातलिया, रामचंद्र पटोदिया, डॉ. बालू सिंह, सिद्धनाथ वर्मा सहित समाज के प्रांत एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।-निखिल/राजगढ़/23/2/2026