गरियाबंद(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला से फूड पॉइजनिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो ग्राम पंचायतों के कुल 44 ग्रामीण शादी के चौथिया कार्यक्रम में भोजन करने के बाद बीमार पड़ गए। जानकारी के अनुसार, ग्रामीण शादी के चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में भोजन करने के बाद गांव लौटते ही कई लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत आमदी के आश्रित ग्राम मोहलाई के 17 ग्रामीण और ग्राम पंचायत दर्रीपारा के बोइरगांव के 27 ग्रामीण फूड पॉयजनिंग के शिकार हुए हैं। इस तरह दोनों गांवों में अब तक कुल 44 लोगों के बीमार होने की पुष्टि हुई है। मामले की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। उपस्वास्थ्य केंद्र कोसमी में विशेष शिविर लगाकर सभी मरीजों का उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाइयां दी जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित गांवों में पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। भोजन के नमूने की जांच और अन्य कारणों की पड़ताल की जा रही है। सीएमओ वी.एस. नवरत्न ने बताया कि सूचना मिलते ही डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों का दल कोसमी सेक्टर में तैनात किया गया है। अब तक 40 से अधिक लोगों का उपचार किया जा चुका है और सभी की स्थिति नियंत्रण में है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)23 फरवरी 2026