राष्ट्रीय
23-Feb-2026


-ग्राहक को डीटेल्स डालने के बाद फिंगरप्रिंट स्कैन करना होगा, 24 घंटे रहेगी सुविधा जयपुर,(ईएमएस)। राजस्थान के बीपीएल कार्डधारी लोगों को अब मुफ्त राशन के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। जल्द ही एटीएम की तरह काम करने वाली अनाज मशीनें लगाई जाएंगी। इन मशीनों का नाम ‘अन्नपूर्ति’ रखा गया है। लाभार्थी जब चाहे, तब अपने कोटे का गेहूं-चावल-दाल इन मशीनों से ले सकेंगे। पायलट प्रोजेक्ट के तहत राज्य सरकार ने भरतपुर में अनाज एटीएम के लिए जगह चिन्हित की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक खाद्य एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि प्रोजेक्ट के सफल होने के बाद यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू की जाएगी। इस योजना की खास बात यह है कि लाभार्थी किसी भी शहर में अपने कार्ड से इन मशीनों से गेहूं निकलवा सकेगा। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अनाज एटीएम एक ऑटोमेटिक मशीन है। यह बैंक एटीएम की तरह काम करती है, जिस तरह एटीएम में बैंक का डेबिट कार्ड डालकर पिन नंबर डालने के बाद कैश निकल आता है। उसी तरह अनाज एटीएम मशीन से भी उपभोक्ता अपने राशन कार्ड के आधार पर चावल, गेहूं और दाल जैसे अनाज निकाल सकता है। इसके जरिए राशन आसानी से, तेजी से और बिना लाइन में लगे 24 घंटे प्राप्त करने की सुविधा रहेगी। सरकार लाभार्थियों को राहत देने और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के अनाज एटीएम लगा रही है। रिपोर्ट में विभाग के मुताबिक यह संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम द्वारा विकसित एक स्वचालित मशीन है, जो बैंक एटीएम की तरह राशन वितरित करती है। यह मशीन फिंगरप्रिंट, चेहरा, आंखों की पहचान करने वाली होती है जो 24 घंटे काम करती है। ग्राहक को मशीन के पास जाकर अपने राशन कार्ड की डीटेल्स डालने के बाद आधार लिंक्ड फिंगरप्रिंट को स्कैन करना होगा। खाद्य सचिव ने बताया कि आपको कितना गेहूं मिलना है, आप बस थैला उस मशीन के नीचे लगाइये। अपना बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन करिए। उतना गेहूं दाल या चावल जो भी सप्लाई होगा, उतना थैले में भर जाएगा। अब लोगों को परेशानियों से निजात मिलेगी। सिराज/ईएमएस 23फरवरी26