कानपुर,(ईएमएस)। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक ऐसा खौफनाक हादसा हुआ। इस हादसे 4 हंसते-खेलते परिवारों की दुनिया उजाड़ दीं। उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन कर वापस अपने घर कानपुर लौट रहे 4 दोस्तों की कार एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के चश्मदीदों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि आगे चल रहे ट्रक से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और इंजन के पुर्जे अंदर तक घुस गए। हालांकि कार में एयरबैग थे, लेकिन हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वे भी जान बचाने में नाकाम रहे। मृतक चारों युवक कानपुर निवासी थे। उज्जैन में ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर के दर्शन करने के बाद वे सुकून के साथ घर लौट रहे थे। परिजनों को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस सफर की शुरुआत भक्ति के साथ हुई थी, उसका अंत इतना दर्दनाक होगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार के भीतर फंसे युवकों के शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों चले रेस्क्यू के बाद शवों को बाहर निकाला गया और मोड़क सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। आशीष दुबे / 23 फरवरी 2026