-पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाकों की घेराबंदी, तलाश में नहीं मिली संदिग्ध चीज नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली में आए दिन बम की धमकी हड़कंप मचा हुआ है। सोमवार सुबह दिल्ली विधानसभा और लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पूरी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। यह धमकी भरा ईमेल धौला कुआं स्थित आमी पब्लिक स्कूल को सुबह करीब 7 बजे प्राप्त हुआ था। ईमेल में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई थी कि सुबह 9 बजकर 11 बजे इन अहम स्थानों पर बम धमाका किया जाएगा। धमकी की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बिना समय गंवाए विधानसभा और लाल किले के आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर दी और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि कहीं से भी कोई संदिग्ध चीज नहीं मिलने की सूचना है। अधिकारी इस ईमेल के स्रोत की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। बता दें पिछले कुछ हफ्तों में राजधानी के कई संस्थानों को मिलने वाली इन फर्जी कॉल्स और ईमेल ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। इससे पहले दिल्ली के कम से कम तीन स्कूलों को गुरुवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद आपातकालीन एजेंसियों ने तुरंत वहां से बच्चों को बाहर निकाला और तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि बाद में इन धमकियों को फर्जी करार दे दिया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने कहा कि तीन स्कूलों-द्वारका स्थित सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल और सेंट थॉमस स्कूल, तथा पश्चिम एनक्लेव स्थित डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल-को बम की धमकी वाले ईमेल भेजे जाने की सूचना मिली थी। एहतियात के तौर पर दमकल की गाड़ियों और बचाव दलों को तुरंत इन स्थानों पर भेजा गया। तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। अधिकारियों ने बताया कि अलर्ट मिलने के तुरंत बाद पुलिस की टीमें, बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों को स्कूलों में भेजा गया। एहतियाती कदम उठाते हुए स्कूल प्रशासनों ने तलाशी अभियान के दौरान छात्रों और कर्मचारियों को परिसर से बाहर कर दिया था। जांच और तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि पूरे परिसर में गहन जांच की गई। पुलिस ने बताया कि साइबर टीम को सतर्क कर दिया गया है और ईमेल कहां से भेजा गया, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सिराज/ईएमएस 23फरवरी26