राज्य
23-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले 4 आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड पर भेजा। कोर्ट ने कहा कि विरोध वैध सीमा से आगे बढ़ा और इससे देश की छवि प्रभावित हो सकती है। एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार 4 आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया है। कोर्ट के आदेश की कॉपी में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन विरोध की वैध सीमा से आगे बढ़ गया था और इससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचा है। अदालत ने माना कि जिस समय देश वैश्विक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियां प्रस्तुत कर रहा था, उस दौरान इस तरह का प्रदर्शन गंभीर प्रभाव डाल सकता है। कोर्ट के अनुसार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता एक महत्वपूर्ण संवैधानिक अधिकार है, लेकिन यह असीमित नहीं है। इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कपड़े उतारकर प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन के दौरान खूब हंगामा भी हुआ था, जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ था। इसके बाद 5 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया और पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस के वकील ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के समय देशविरोधी और भड़काऊ नारे लगाए गए। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने ऐसी जगह का चयन किया जहां विदेशी प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद थे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/23/फरवरी/2026