राज्य
23-Feb-2026


खडग़े-राहुल खोलेंगे ट्रेड डील की पोल भोपाल (ईएमएस)। अमरीका ट्रेड डील के खिलाफ किसान महापंचायत की शुरुआत मंगलवार को मप्र की राजधानी भोपाल से होगी। जवाहर चौक पर आयोजित इस आयोजन में प्रदेशभर से हजारों किसान आएंगे। महाचौपाल में इंडो-यूएस ट्रेड डील की खामियां उजागर की जाएगी। इस महाचौपाल में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। राहुल गांधी दोपहर 1 बजे भोपाल पहुंचेंगे और दोपहर 2 बजे से कार्यक्रम होगा। कांग्रेस ने कहा है कि अमेरिका ट्रेड डील किसान विरोधी है। इस आंदोलन में एक लाख किसानों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। इसमें मुख्य रूप से भोपाल के आसपास के 11 जिलों के किसान शामिल होंगे। कांग्रेस ने राहुल-खरगे की महाचौपाल के लिए लाल परेड ग्राउंड, जवाहर चौक की परमिशन मांगी थी, लेकिन प्रशासन ने जवाहर चौक पर सभा की अनुमति दी है। जवाहर चौक पर दो बड़े डोम बनाए गए हैं। पूर्व विधायक संजय यादव ने बताया कि जवाहर चौक पर बनाए गए मंच पर करीब ढाई सौ लोग बैठेंगे। मंच के सामने बड़ा डोम बनाया गया है। जवाहर चौक पर बने मंच पर मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, जयराम रमेश, पवन खेड़ा के साथ ही कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, एमपी के कांग्रेस विधायक, राज्यसभा सांसद, पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के मेंबर, कांग्रेस के सभी 71 जिला अध्यक्ष बैठेंगे। राहुल देशभर में करेंगे किसान महा पंचायत अमरीका-भारत ट्रेड डील के खिलाफ कांग्रेस देशभर में किसान महापंचायत करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि भोपाल में होने वाली किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान जुटेंगे। इनके अलावा कांग्रेस के मौजूदा और पूर्व विधायकों समेत सारे नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। पटवारी ने कहा कि इसकी शुरुआत मप्र से हो रही है, लेकिन महाराष्ट्र और राजस्थान के बाद देश के हर राज्यों में ट्रेड डील में किसानों के साथ हुई कुठाराघात के खिलाफ कांग्रेस महापंचायत करेगी। फिर जिलों तक भी इस आंदोलन को पहुंचाया जाएगा। पटवारी ने कहा कि ये राजनीतिक लड़ाई नहीं है ये किसान सम्मान के लिए संघर्ष है। शिवराज के गढ़ से कांग्रेस निकालेगी किसान पदयात्रा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी सरेंडर हो गए। अगर शिवराज सरेंडर होंगे तो मध्य प्रदेश का किसान चुप नहीं बैठेगा। अब कांग्रेस शिवराज के गढ़ बुधनी से किसान पदयात्रा और चौपाल की शुरुआत करेगी। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि किसान ट्रेड डील से मध्य प्रदेश का किसान सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां सबसे ज्यादा सोयाबीन उत्पादक किसान हैं। अमरीका से सोयाबीन आने से देश के किसानों और व्यापारियों पर सीधा असर पड़ेगा। इसके अलावा कपास की खेती भी प्रभावित होगी। मध्य प्रदेश में मोहन सरकार किसान वर्ष मना रहे हैं। मैं चुनौती देता हूं कि एक फसल जिसका एमएसपी पर बिक्री हो। उसका नाम बता दें। विनोद कुमार उपाध्याय, 23 फरवरी, 2026