नई दिल्ली (ईएमएस)। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर कस्टम्स विभाग ने मादक पदार्थों की तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए 10.724 किलोग्राम गांजा (मारिजुआना) बरामद किया है। यह कार्रवाई एयरपोर्ट इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) द्वारा की गई। कस्टम्स अधिकारियों ने स्पॉट प्रोफाइलिंग के आधार पर बैंकॉक से फ्लाइट संख्या टीजी 331 (18 फरवरी 2026, आगमन 19 फरवरी 2026) से आए दो भारतीय यात्रियों को ग्रीन चैनल पर रोका। संदेह के आधार पर यात्रियों के सामान की एक्स-रे स्क्रीनिंग और विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान यात्रियों के पास मौजूद एक काले रंग के ट्रॉली बैग से हरे रंग के संदिग्ध मादक पदार्थ से भरे 10 पॉलीथिन पाउच बरामद किए गए। बरामद पदार्थ का कुल शुद्ध वजन 10,724 ग्राम (10.724 किलोग्राम) पाया गया। डायग्नोस्टिक परीक्षण में प्रथम दृष्टया यह पदार्थ गांजा पाया गया। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10.724 करोड़ रुपये आंकी गई है। प्राथमिक जांच में यह मामला एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 8 के उल्लंघन तथा धारा 20, 23 और 29 के तहत दंडनीय अपराध की श्रेणी में पाया गया। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 43(बी) के तहत 19 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद मादक पदार्थ और पैकेजिंग सामग्री को धारा 43(ए) के तहत जब्त किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/23/फरवरी/2026