- पेयजल लाइन तोड़कर तालाब भर रहे किसानों पर प्रशासन की नाराजगी राजगढ़(ईएमएस)l जिले की मोहनपुरा ग्रामीण समूह पेयजल योजना अंतर्गत ग्राम कालीपीठ में पेयजल पाइपलाइन को तोड़कर तालाब भरने का गंभीर मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी अनुसार किसान नाथू लाल/देवीलाल दांगी, विष्णु/रामप्रसाद दांगी एवं शिवनारायण/माताप्रसाद दांगी द्वारा मुख्य पेयजल लाइन को क्षतिग्रस्त कर पानी तालाब में छोड़ा जा रहा था। इस घटना के कारण क्षेत्र की 4 उच्च स्तरीय जल टंकियों से जुड़े लगभग 20 गांवों की पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में मध्यप्रदेश जल निगम राजगढ़ की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान डीटीएल यौगेंद्र सिंह तोमर, असिस्टेंट इंजीनियर सुश्री जया शिवहरे तथा पुलिस थाना कालीपीठ का पुलिस बल एवं हल्का पटवारी मौजूद रहे। संयुक्त टीम द्वारा पाइपलाइन को तोड़कर तालाब भरने की गतिविधि को मौके पर ही बंद कराया गया एवं क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति व्यवस्था पुनः सुचारू करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है। डिप्टी टीम लीडर तोमर द्वारा स्पष्ट किया कि पेयजल योजनाएं आमजन को स्वच्छ पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए संचालित की जाती हैं, ऐसे में पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाना गंभीर अपराध है। महाप्रबंधक जल निगम श्री यूके चौधरी ने किसानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि पेयजल योजनाओं की संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं। भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं सामने आने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी श्रीमती निधि भारद्वाज द्वारा बताया कि जल निगम से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर पानी का दुरुपयोग किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस थाना कालीपीठ को अवगत कराया गया, जिसके बाद प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित की गई। -निखिल/राजगढ़/23/2/2026