- अब तक 8 पहुचें जेल भोपाल(ईएमएस)। देहात इलाके की ईटखेड़ी पुलिस ने गौवंश तस्करी के मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पूर्व में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी बोलेरो पिकअप में गौवंश को ठूंस-ठूंस कर तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने सभी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार बीती 11 नवंबर 2025 की सुबह करीब 4 बजे भगवत अहिरवार निवासी ग्राम चांदपुर ने सूचना दी थी, कि तरावली-करदई मार्ग से एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप में अवैध रूप से गौवंश भरकर ले जाया जा रहा है, जबकि आगे महिंद्रा एक्सयूवी 500 एस्कॉर्ट कर रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम खेजड़ा देव के पास ग्रामीणों के सहयोग से घेराबंदी की। सुबह करीब 5.30 बजे दोनों वाहनों को रोक लिया। बोलेरो पिकअप की तलाशी में 8 नग गौवंश (7 बछड़े व 1 बछिया) को रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंस कर भरा हुआ पाया गया। मौके पर गौवंश व दोनों वाहन जब्त कर लिया गया था। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आदिल खान, शाहरुख, आदिल हुसैन, इमरान उर्फ इबरान, मोहम्मद रफीक खान और सेतू उर्फ आमिर उर्फ रसुद्दीन को गिरफ्तार किया गया। वहीं तीन माह से फरार आरोपी बन्नू उर्फ बन्ने खां को शनिवार को नारियलखेड़ा से गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही रविवार को फरार आरोपी शाहरुख पिता जलाल खान को लांबाखेड़ा से दबोचा गया। आरोपी बन्नू खान पर पूर्व में सागर, विदिशा, सिवनी और भोपाल जिलों में गौवंश तस्करी, मारपीट व अन्य धाराओं में कई प्रकरण दर्ज है। इसी तरह शाहरुख के खिलाफ भी पन्ना सहित अन्य जिलों में गौवंश तस्करी के मामले दर्ज है। जुनेद / 23 फरवरी