श्योपुर (ईएमएस) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में शासकीय महाविद्यालय ढोढर में स्वयं पोर्टल पर उपलब्ध पाठ्यक्रम एवं विद्यार्थियों में जागरूकता विषय पर राष्ट्रीय वेबिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक डॉ. कुमार रत्नम ने डिजिटल शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षण मंचों से जुड़ने का संदेश दिया। संरक्षक डॉ. ओपी शर्मा ने स्वयं पोर्टल की उपयोगिता एवं नई शिक्षा नीति के संदर्भ में उसके महत्व को रेखांकित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रामपति रावत के निर्देशन में आयोजित इस वेबिनार में मुख्य वक्ताओं में डॉ. सुरेंद्र सिंह, सह- प्राध्यापक, राजनीति विज्ञान, ए.आर.एस. डी. महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं डॉ. गरिमा श्रीवास्तव, सहायक प्राध्यापक, बायो टेक्नोलॉजी एव बायो साइंस विभाग, बनस्थली विद्यापीठ, टोंक, राजस्थान ने वक्तव्य दिए। प्रथम मुख्य वक्ता डॉ गरिमा श्रीवास्तव ने संबोधित करते हुए बताया कि स्वयं पोर्टल पर काफी सारे ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध है जिन्हें पढ़कर विद्यार्थी अपने कौशल एव व्यक्तित्व का विकास कर सकते है। यहां उपलब्ध कोर्स करने के बाद रोजगार के अवसरों में वृद्धि होती है। द्वितीय मुख्य वक्ता डॉ सुरेंद्र सिंह ने अपने वक्तव्य में बताया कि स्वयं पोर्टल भारत सरकार द्वारा शिक्षा के तीन स्तंभों - पहुँच, समानता और गुणवत्ता को प्राप्त करने के लिए शुरू किया गया एक निशुल्क, उच्च गुणवत्तापूर्ण ऑनलाइन शिक्षा मंच है। वेबिनार का संयोजन डॉ. वकील सिंह कौशल तथा संचालन डॉ. अनिल कुमार शर्मा ने किया। कार्यक्रम में प्राध्यापकगण, शोधार्थी एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।